Gujarat Weather Update: गुजरात में भीषण गर्मी, लू का अलर्ट जारी
Gujarat Weather Update गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 24 घंटे और उत्तरी गुजरात में अगले 48 घंटों तक लू चलेगी। दो दिनों के बाद हीटवेव कम हो जाएगी लेकिन तापमान उच्च बना रहेगा। यह जानकारी मेट अहमदाबाद के निदेशक ने दी।
अहमदाबाद, एएनआइ। गुजरात में भीषण गर्मी में मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 24 घंटे और उत्तरी गुजरात में अगले 48 घंटों तक लू चलेगी। दो दिनों के बाद हीटवेव कम हो जाएगी, लेकिन तापमान उच्च बना रहेगा। बुधवार को यह जानकारी मेट अहमदाबाद के निदेशक मनोरमा मोहंती ने दी। इधर, गर्म हवाओं से दिन के अलावा अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने का सिलिसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक राजस्थान और उससे लगे गुजरात पर प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। गुजरात में मौसम काफी गर्म है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के कारण इंदौर समेत पूरे मप्र में भी तपिश बढ़ने लगी है। दिन में तेज गर्मी के कारण लोग परेशान होते नजर आए। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक गर्मी तेवर और तीखे होने की संभावना जताई है।
वर्तमान में दक्षिण व पश्चिम राजस्थान और गुजरात पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन दोनों इलाकों में लू का प्रभाव दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से इंदौर सहित पश्चिमी मध्य प्रदेश व उत्तर व पूर्वी मध्य प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दिखाई दे रही है। 20 मार्च तक दिन के तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान स्थिर रहेगा। इधर, दिल्ली में भी गर्मी की चुभन तेजी से बढ़ रही है। कई इलाकों में दिन का तापमान 35 और कई जगह 36 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। लोग पंखे के साथ-साथ एसी भी चलाने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो एक सप्ताह के भीतर दिन का तापमान दो से तीन डिग्री और बढ़ जाएगा। मंगलवार को भी दिन भर तेज धूप खिली रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 एवं 20 डिग्री रह सकता है। अगले एक सप्ताह तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मार्च के तीसरे सप्ताह में भी बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं। ऐसे में 20 मार्च तक ही अधिकतम 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।