विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे', गुजरात के डिप्टी सीएम संघवी का कांग्रेस पर पलटवार; लगाए गंभीर आरोप

Published: Fri, 30 Oct 2026 03:13 PM (IST)

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी।

HighLights

  1. खरगे की पीएम मोदी पर टिप्पणी से सियासत गर्म।

  2. संघवी ने कांग्रेस पर अनर्गल बयानबाजी का आरोप लगाया।

  3. गुजरात में मोदी के विकास कार्यों को याद दिलाया।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी के मामले में देशभर की सियासत में गर्माहट तेज है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी सातवें आसमान पर है। 

इसी बीच इस टिप्पणी के मामले में अब गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ लोगों के प्रेम से घिरे हुए हैं कांग्रेस उसे घेरे को कभी नहीं तोड़ पाएगी। संघवी ने जोर देते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।

संघवी ने लगाया अनर्गल बयानबाजी का आरोप

गुजरात के उपमुख्यमंत्री संघवी ने आगे कहा कि कांग्रेस और उसके नेता सार्वजनिक जीवन की मर्यादा भूल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अनर्गल बयान बाजी के बाद अब उनके दिवंगत माता व पिता को लेकर भी गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

संघवी ने कहा कि भारत के संस्कारों में किसी व्यक्ति के निधन के बाद गलत नहीं बोला जाता, लेकिन कांग्रेस अपने शर्म और संस्कार भूलकर उनके माता-पिता को गाली दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्ष में कांग्रेस, पीएम मोदी के विजन का कोई तोड़ नहीं खोज पाई है, इसलिए उनको गाली देकर अपनी झेंप मिटाना चाह रही है।

संघवी ने याद दिलाया 25 साल पहले वाला गुजरात

बनासकांठा के भीलड़ी में बायोगैस सीएनजी प्लांट के लोकार्पण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आगे कहा कि गुजरात में 25 वर्ष पहले पानी, बिजली की भारी तंगी थी, खुद उनके परिवार को पानी बिजली के अभाव के चलते पलायन कर सूरत जाना पड़ा था।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गुजरात सरकार की कमान हाथ में आने के बाद नरेंद्र मोदी ने नर्मदा, सुजलाम सुफलाम, टपक सिंचाई पद्धति आदि योजनाओं के जरिए गुजरात को पानी व बिजली मुहैया कराई।

बनासकांठा के पशुपालन को लेकर भी बोले संघवी

अपने संबोधन में संघवी ने कहा कि बनासकांठा के पशुपालक और किसानों ने अकाल के बावजूद अपने गांव और प्रदेश को नहीं छोड़ा और कठिन परिस्थितियों में भी पानी व जल का जतन करते हुए पशुपालकों को बचाए रखा।

उन्होंने कहा कि पहले बनासकांठा के किसानों के खाते में मुनाफे के 30 करोड रुपए आते थे लेकिन प्रदेश में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद अब किसानों व पशुपालकों के खाते में 1400 करोड रुपए सालानाआ रहे हैं। संघवी ने अंत में कहा कि भारत का सहकारी क्षेत्र का गौरव बना अमूल डेयरी जहां पहले 2200 करोड रुपए का कारोबार करती थी वह आज एक करोड रुपए के कारोबार तक पहुंच गई है।