Gujarat: गृह राज्यमंत्री बोले, दुष्कर्म के लिए मोबाइल फोन जिम्मेदार
Gujarat गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि अगर एक पिता भी पुत्री के साथ दुष्कर्म करता है तो कौन जिम्मेदार होगा। इसके लिए मोबाइल फोन सीधे तौर पर जिम्मेदार है। समाज में विकृति आई है जिसके कारण इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि दुष्कर्म की घटना के लिए हमेशा पुलिस को जिम्मेदार ठहराया जाता है, इसके लिए मोबाइल फोन भी जिम्मेदार है। उनके मुताबिक, सर्वे से यह बात सामने आई है कि आरोपित कोई नजदीकी या पहचान वाला ही होता है, ऐसी घटनाएं समाज पर धब्बा है। संघवी ने कहा कि हम हमेशा दुष्कर्म की घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हैं, लेकिन इसके लिए पुलिस को दोष नहीं दे सकते। एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि दुष्कर्म का आरोपित अक्सर नजदीकी या पहचान वाला ही होता है। मोबाइल पर आसानी से अश्लील वीडियो उपलब्ध हो जाते हैं, इसलिए दुष्कर्म की घटना में इजाफा हुआ है।
कहा, समाज में आई विकृति
संघवी ने कहा कि गुजरात देश में सबसे सुरक्षित राज्य है। अगर एक पिता भी पुत्री के साथ दुष्कर्म करता है, तो कौन जिम्मेदार होगा। इसके लिए मोबाइल फोन सीधे तौर पर जिम्मेदार है। संघवी का मानना है कि समाज में विकृति आई है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने पूछा कि यह एक सामाजिक मुद्दा है या नहीं। गौरतलब है कि बीते कुछ माह में सूरत व अन्य कई शहरों में दुष्कर्म की कई घटनाएं सामने आई हैं। दिसंबर, 2021 में ही सूरत की विशेष अदालत ने एक ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में दोषी को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए इस अपराध की गुत्थी को सुलझाया था।
गौरतलब है कि गत दिनों गुजरात में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक पूंजाजी वंश ने गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी को लेकर आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया था। इस कारण विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें सदन से सात दिन के लिए निलंबित कर दिया। कांग्रेस ने अध्यक्ष पर सरकार के दबाव में ऐसी कार्यवाही करने का आरोप लगाते हुए सदन में हंगामा किया। प्रश्नोत्तरी के दौरान कांग्रेस विधायक नौशाद सोलंकी ने अपने प्रश्न का यथोचित जवाब नहीं मिलने पर सदन में नीचे बैठकर विरोध करने लगे। गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने सीट पर बैठे-बैठे कहा कि सदन में ऐसी दादागिरी नहीं चल चलेगी। इस बात पर नाराज होकर कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक पूंजाजी वंश ने संघवी के लिए कथित तौर पर टपोरी शब्द का इस्तेमाल किया। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष डा नीमाबेन आचार्य के टोकने के बाद उन्होंने इसके लिए माफी मांग ली, लेकिन कानून मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने अध्यक्ष के समक्ष कांग्रेस विधायक को निलंबित करने का प्रस्ताव रख दिया।