विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat Fire: बनासकांठा में पटाखा गोदाम में कई धमाके, भीषण आग लगने से 21 मजदूरों की जलकर मौत

Published: Tue, 01 Apr 2025 12:10 PM (IST)Updated: Tue, 01 Apr 2025 09:03 PM (IST)

Gujarat Fire बनासकांठा के डीसा में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से 21 मजदूरों की मौत हो गई है। ...और पढ़ें

Gujarat Fire गुजरात के बनासकांठा के डीसा में लगी आग। (फोटो- जागरण)
Gujarat Fire गुजरात के बनासकांठा के डीसा में लगी आग। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. फैक्ट्री में धमाके के बाद गोदाम की कई दीवारें ढही, मलबा दूर-दूर तक फैला।
  2. दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

जेएनएन, बनासकांठा। बनासकांठा के डीसा में धुनवा रोड पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई। आग में 21 मजदूरों के मरने की खबर है। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया।

धमाके से गोदाम की कई दीवारें ढही

एक के बाद एक कई धमाके होते ही गोदाम की कई दीवारें ढही और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। घटना के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में जब मजदूर पटाखे बना रहे थे, तभी जोरदार विस्फोट हुआ। इसके चलते कुछ श्रमिकों के शव दूर जाकर गिरे।

घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मलबा हटाने का काम भी किया गया है।  

मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना

इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार, डीसा के धुनवा रोड पर दीपक ट्रेडर्स नामक पटाखा फैक्ट्री स्थित है। आज आतिशबाजी बनाते समय विस्फोटक पदार्थ में अचानक विस्फोट हो गया, जिसके चलते आग लग गई।

चूंकि यह एक पटाखा फैक्ट्री थी, इसलिए आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। घटना के समय फैक्ट्री में कितने श्रमिक मौजूद थे, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

आग से अफरा-तफरी मच गई

आग जैसे ही फैली घटना से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और घटना की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि 18 मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। करीब पांच मजदूरों को इलाज के लिए डीसा भेजा गया है। डिसा विधायक प्रवीण मणि, डीएसपी, डिसा डिप्टी कलेक्टर, मामलतदार और प्रशासन के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

डीसा की एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिससे छत गिर गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल छह लोगों का इलाज चल रहा है। उनमें से तीन लोग 40 प्रतिशत से अधिक जल गये हैं।

डीसा विधायक प्रवीण माली ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा बॉयलर फटने के कारण हुआ। जिसमें इमारत ढह गई और कई लोग उसके नीचे दब गए। उनमें से कुछ को निकाल लिया गया है। पांच लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।