Vrishti Jasubhai: गुजरात की फैशन डिजाइनर वृष्टि जसुभाई का नहीं लगा सुराग
Vrishti Jasubhai. गुजरात की फैशन डिजाइनर वृष्टि जसुभाई का अभी तक पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात की लापता फैशन डिजाइनर वृष्टी जसुभाई कोठारी के मोबाइल की अंतिम लोकेशन मेहसाणा की बताई जा रही है। उधर, सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में वृष्टी अपने मित्र शिवम पटेल के साथ पैदल बाहर निकलती हैं। बाद में दोनों एक ऑटो लेकर जाते नजर आ रहे हैं। पुर्तगाल से लौटकर वृष्टी के माता पिता ने बयान दर्ज कराए हैं।
मुंबई की फैशन डिजाइनर के लापता होने पर अभिनेत्री सोहा अली खान ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए अपने मित्र व लोगों से वृष्टि को तलाशने में मदद करने की अपील की थी। पुलिस को जांच में शिवम पटेल के नवरंगपुरा स्थित बंगलो का मंगलवार शाम चार बजे का सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है, जिसमें वृष्टि शिवम के साथ पैदल बाहर निकलते नजर आती है तथा आगे जाकर दोनों ऑटो में सवार होकर चले जाते हैं।
वृष्टि के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि गत 30 सितंबर को वे पुर्तगाल के लिए रवाना हुए थे। उनके ड्राइवर ने अपने बयान में बताया कि वृष्टि को वह शिवम के बंगले पर छोड़कर चला गया था।
करीब पांच दिन से लापता इस फैशन डिजाइनर को लेकर पुलिस को पता चला है कि उसका मोबाइल आखिरी बार मेहसाणा में ट्रेस हुआ है, जिससे उनके उत्तर गुजरात या राजस्थान में कहीं होने की संभावना है। उत्तर गुजरात से आगे माउंट आबू, उदयपुर आदि पर्यटन स्थल हैं, लेकिन पुलिस को अभी उनकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। उधर, शिवम का मोबाइल पिछले कई दिनों से बंद बताया जा रहा है। पुलिस अभी इन दोनों के लापता होने का कारण नहीं जान सकी है।
अभिनेत्री सोहा अली ने मांगी मदद
गुजरात की फैशन डिजाइनर वृष्टि जसुभाई (24) रहस्यमय तरीके से 30 सितंबर को लापता हो गई थी। बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने ट्वीट करके वृष्टि का पता लगाने की अपील की थी। वृष्टि अपने दोस्त शिवम पटेल (25) के घर उनसे मिलने गई थी। अहमदाबाद के बोडकदेव निवासी वृष्टि जसुभाई मुंबई में फैशन डिजाइनर हैं। सोहा उनकी मित्र हैं। वृष्टि के दादा अभय कोठारी ने बताया कि पुलिस ने शुरू में उनकी अर्जी नहीं ली थी। वृष्टि के चालक ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
चालक ने बताया है कि वृष्टि को उसने 30 सितंबर को नवरंगपुरा वसंत विहार स्थित शिवम पटेल के बंगले पर छोड़ा था। पटेल के घरेलू सहायक ने बताया कि शिवम व वृष्टि उस दिन ऑटो से कहीं निकले थे। सहायक पुलिस उपायुक्त एलबी झाला के अनुसार, 'वृष्टि के माता-पिता 30 सितंबर को पुर्तगाल के लिए रवाना हुए। इसके बाद उनके चालक ने उन्हें शिवम के घर पर छोड़ा। शाम को दोनों ऑटो रिक्शा से कहीं बाहर निकल गए थे।