विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुजरात: थार और फॉर्च्यूनर के मालिकों को कलेक्टर ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Published: Fri, 11 Sep 2026 12:18 PM (IST)

दमन प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर मालिकों को 'रफ्तार नहीं, संस्कार' संदेश के साथ शपथ दिलाई है।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के दमन में प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम कसने के लिए एक अनूठी पहल की है। इसके तहत प्रशासन ने सड़कों पर अक्सर आक्रामक ड्राइविंग के लिए चर्चा में रहने वाली महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी के मालिकों से सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई है।

इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। साथ ही 'रफ्तार नहीं, संस्कार' के संदेश के साथ शुरू किए गए इस अभियान की सोशल मीडिया पर भी जमकर सराहना भी हो रही है।

'रफ्तार नहीं, संस्कार' का दिया संदेश

प्रशासन की तरफ से शेयर किए गए एक वीडियो में थार और फॉर्च्यूनर गाड़ियां एक साथ कतार में खड़ी नजर आ रही हैं और इस रैली के दौरान जिला कलेक्टर ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान वहां एक बैनर भी लगाया गया था, जिस पर लिखा था 'रफ्तार नहीं, संस्कार'।

गौर करने वालाी बात यह है कि दमन प्रशासन ने इस अभियान को किसी खास दुर्घटना या घटना से नहीं जोड़ा है, बल्कि इसे सड़कों पर सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देने और लोगों को जिम्मेदार बनाने की एक कोशिश के रूप में पेश किया है।

किरण मजूमदार-शॉ ने की तारीफ

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की खूब प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने भी इस पहल की जमकर सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि मुझे लगता है कि भारत को एक और ड्राइविंग लेसन से ज्यादा इस तरह की 'स्कूली शिक्षा' की जरूरत है! दमन कलेक्टर का यह कदम बेहद सराहनीय है।

किरण ने आगे लिखा कि थार और फॉर्च्यूनर के मालिकों को सुरक्षित गाड़ी चलाने की शपथ दिलाना वाकई एक शानदार तरीका है। कभी-कभी हजारों रोड साइन से ज्यादा इस तरह की सार्वजनिक शपथ ज्यादा असरदार साबित होती है।