विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुजरात में सरकारी नाम के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई, फर्जी पासपोर्ट मामले में अहमदाबाद से गिरफ्तारी

Published: Wed, 16 Sep 2026 09:21 PM (IST)

गुजरात सरकार ने निजी संस्थाओं द्वारा सरकारी नाम और प्रतीकों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए कड़े निर्देश जारी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. निजी संस्थाएं सरकारी नाम के शब्दों का उपयोग नहीं कर सकेंगी।

  2. बिना अनुमति 'ब्यूरो', 'मंत्रालय' जैसे शब्दों का प्रयोग प्रतिबंधित।

  3. अहमदाबाद में फर्जी पासपोर्ट मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात में निजी संस्था, ट्रस्ट और व्यावसायिक फर्म केंद्र सरकार से पहले ली गई लिखित मंजूरी के बिना अपनी संस्था के नाम में ब्यूरो, कमीशन, मंत्रालय, सेंटर, ऑल इंडिया, नेशनल और भारतीय जैसे शब्दों का उपयोग नहीं कर सकेंगे।

यदि किसी निजी कंपनी या संस्था को इन शब्दों का उपयोग करना है तो उसे अपने नाम के साथ ही यह स्पष्ट करना होगा कि यह एक "निजी उपक्रम" है और इसका सरकार से कोई लेना-देना या सरकारी उद्देश्य नहीं है।

ब्यूरो, कमीशन, मंत्रालय, सेंटर, ऑल इंडिया, नेशनल और भारतीय जैसे शब्दों का निजी उपयोग करने से पहले लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है। व्यावसायिक लाभ के लिए सरकारी नाम, पदों और राष्ट्रीय प्रतीकों का दुरुपयोग करके आम नागरिकों को भ्रमित करने वाली निजी संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए गुजरात सरकार ने अभियान शुरू किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा राज्य के सभी विभागों, कार्यालयों और सक्षम पंजीकरण अधिकारियों को 'प्रतीकों और नामों (अनुचित उपयोग निवारण) अधिनियम, 1950' का कड़ा अमलीकरण सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं।

फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनाने वाला गिरफ्तार

गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता के निरीक्षक जे पी रोजिया ने फर्ज़ी दस्तावेज के आधार पर दूसरा पासपोर्ट बनाने के आरोपी हरीश प्राण कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी शाहीबाग, अहमदाबाद का निवासी है, मनी लाॅन्ड्रिंग केस के चलते उसका पासपोर्ट कोर्ट ने जप्त कर लिया था।

आरोपी ने दयालबाग आगरा उत्तरप्रदेश के फर्जी पते के दस्तावेज तैयार कर दिल्ली में किराए पर रहने का एग्रीमेंट बनाकर दिल्ली पासपोर्ट कार्यालय से अपने ही नाम पर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त कर लिया था।

इस फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनवाए गए पासपोर्ट से नेपाल के रास्ते विदेश में तथा भारत में आना-जाना करता रहा। पुलिस को आरोपी के किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े होने की आशंका है।