विजय रूपाणी बोले, मोदी ताकतवर वैश्विक नेता; अमित शाह की चाणक्य नीति से मिल रही जीत
Lok Sabha Election Result 2019. गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने कहा कि इस चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के ताकतवर नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
गांधीनगर, जेएनएन। देश व गुजरात में रुझानों में भाजपा को मिल रहे प्रचंड बहुमत को गुजरात भाजपा ने धूम धड़ाके के साथ मनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का मुंह मीठा कराया। रूपाणी ने कहा कि इस चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के ताकतवर नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। अमित शाह की चाणक्य नीति से यह जीत मिली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी का नेतृत्व विफल रहा, इसलिए कांग्रेस उसका दोष ईवीएम पर डाल रही है।
देश की जनता ने प्रधानमंत्री कौन बने, किस नेता को देश की बागडोर सौंपी जाए, इस बात को सोचकर मतदान किया। मोदी जी को इसके लिए नमन। भाजपा अध्याक्ष अमित शाह ने पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाया है, उनके परिश्रम और चाणक्य नीति से ही भाजपा आज इस मुकाम पर पहुंची है। अमित शाह आज लाखों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत बने हैं। गुजरात व राजस्थान ने एक बार फिर सभी सीटें भाजपा को दी है। पश्चिम बंगाल में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया, उसको भी नमन करता हूं।
गुजरात की सभी 26 सीट पर भाजपा ने बढ़त बनाई। इस लहर में दूसरी बार राज्य की सभी सीटें जीती हैं। उसके लिए राज्य की जनता का आभार। चार विधानसभा सीट ऊंझा, ध्रांगध्रा, जामनगर, माणावदन के उपचुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा ने यह जीत दर्ज की है, उसके लिए उन सभी का अभिनंदन करता हूं। तीन राज्यों के चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली, तब उन्होंने ईवीएम का मुद्दा नहीं उठाया, लेकिन अब लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार को स्वीकार करने के बजाए ईवीएम पर दोष डाल रहे हैं।
गुजरात में 2017 का चुनाव एक विशेष परिस्थिति में हुआ, कांग्रेस जाति, धर्म की राजनीति कर रही थी। कांग्रेस ने ही वो आंदोलन डिजाइन किए थे, उसकी पुष्टि इस बात से होती है कि वे सभी नेता आज कांग्रेस में हैं। इस लोकसभा चुनाव में राष्ट्रावाद का मुद्दा सबसे ऊपर था और पीएम मोदी के नेतृत्व को देश ने एक बार और स्वीकार किया।
विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा देश की सुरक्षा व देश के विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे थे और जनता ने उसी को स्वीकार किया। विपक्ष के पास मोदी हटाओ, मोदी हटाओ के अलावा दूसरा कोई मुद्दा नहीं था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप