गुजरात: जनता व विशेषज्ञों से सीधे संवाद करेंगे सीएम विजय रूपाणी
Vijay Rupani in Gandhinagar. सीएम विजय रूपाणी हर माह अपने सरकारी आवास पर चुने हुए पेशेवरों व लोगों से रूबरू मिलकर भी विकास के मुद्दे पर उनके विचार व सलाह लेंगे।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के विकास के लिए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अब सीधे जनता व विशेषज्ञों से संवाद करेंगे। रूपाणी हर माह अपने सरकारी आवास पर चुने हुए पेशेवरों व लोगों से रूबरू मिलकर भी विकास के मुद्दे पर उनके विचार व सलाह लेंगे। सरकार ने किसानों को नर्मदा का पानी उपलब्ध कराने का भी एलान किया है।
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने गांधीनगर में पत्रकारों को बताया कि रूपाणी राज्य की विकास यात्रा को गति देने के लिए मन नी मोकाश नामक कार्यक्रम के जरिए हर माह राज्य की जनता व विविध क्षेत्र के विशेषज्ञों से मुलाकात करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में किसान, श्रमिक, आदिवासी, महिलाएं, विविध क्षेत्र के विशेषज्ञों से रूपाणी रूबरू मुलाकात कर राज्य के विकास पर चर्चा करेंगे व उनकी सलाह या सूचना लेंगे।
किसानों को पानी, 400 तालाब भरेंगे
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों को फसलों की बुवाई व फसलों को बचाने के लिए सुजलाम सुफलाम, सौनी योजना, कडाणा बांध योजना से पानी उपलब्ध कराने का फैसला किया गया। नर्मदा पाइप लाइन के जरिए सुजलाम सुफलाम योजना से जुड़े 400 तालाबों को नर्मदा के पानी से भरा जाएगा। साथ ही, किसानों को आठ के बदले 10 घंटे बिजली दी जाएगी।
सुषमा को श्रद्धांजलि
रूपाणी व राज्य के मंत्रियों ने कैबिनेट की बैठक में देश की पूर्व विदेश मंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी। रूपाणी ने अपने शोक संदेश में कहा कि जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा में सुषमा स्वराज की अहम भूमिका थी। उन्होंने अपने संघर्ष, नेतृत्व व कार्य से भाजपा को बड़ी पार्टी बनाया। देश व विदेश में तकलीफ से गुजर रहे भारतीय उन्हें ट्वीट करके भी अपनी परेशानी बताते तो तुरंत उसका हल निकालती थीं। एक अध्ययनशील व प्रखर वक्ता के साथ राज्यसभा में काफी सीखने को मिला। उनके चले जाने से पार्टी को उनकी काफी कमी महसूस होगी।
गुजरात की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप