गुजरात में विधानसभा चुनाव सरगर्मी तेज: भाजपा, कांग्रेस और AAP प्रभारियों ने रणनीति पर शुरू किया काम
गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और आप के प्रभारी अपनी-अपनी पार्टियों के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

गुजरात में विधानसभा चुनाव सरगर्मी तेज।
HighLights
भाजपा प्रभारी तरुण चुघ ने पार्टी के कामकाज की समीक्षा की।
कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने संगठन व जनहित मुद्दों पर चर्चा की।
आप सहप्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात पर फोकस किया।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात में विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर गहमागहमी नजर आने लगी है। भाजपा प्रभारी तरुण चुघ, कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला व आप सहप्रभारी घनेंद्र भारद्वाज अपनी अपनी पार्टी के नेताओं से मिलकर रणनीतिक संभावनाओं की टोह लेना शुरु कर चुके हैं।
केंद्र में भले इन दलों के नेता एक दूसरे पर आरोपों की बौछार करते हों लेकिन गुजरात में इन दलों के प्रभारी सकारात्मक रूप से आगे बढ रहे हैं।
तरुण चुघ ने पार्टी के कामकाज की समीक्षा की
भाजपा के नए नवेले प्रभारी तरुण चुघ ने गुजरात की अपनी दूसरी यात्रा में संगठन महामंत्री रत्नाकरजी के साथ मिलकर मध्य गुजरात के सांसद, विधायक, चुने हुए जनप्रतिनिधि व पार्टी नेताओं से मुलाकात कर पार्टी के कामकाज की समीक्षा की।
उनके साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी तथा जिला प्रभारी डॉ. ऋत्विज पटेल भी मौजूद थे। इन नेताओं ने जिला संकलन समितियों व संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ पार्टी को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
रणदीप सुरजेवाला ने प्रदेश नेताओं के साथ चर्चा की
गुजरात कांग्रेस के प्रभारी एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने अपनी नियुक्ति के बाद पहली बार अहमदाबाद पहुंचकर प्रदेश के नेताओं के साथ संगठन व जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
सुरजेवाला ने कहा कि गुजरात उनकी पार्टी के लिए महज एक राज्य नहीं बल्कि कांग्रेस की विचारधारा का जन्मदाता है। महात्मा गांधी, सरदार पटेल जैसे नेताओं ने देश को लोकतंत्र जैसी व्यवस्था प्रदान की जो अमूल्य निधि है। कांग्रेस को वैचारिक, अध्यात्मिक व सांगठनात्मक शक्ति गुजरात से ही मिली है। नये गुजरात का नया एजेंडा तैयार करने के लिए भी सुरजेवाला ने गुजरात को ही चुना है।
सुरजेवाला ने हीरा श्रमिक और टेक्सटाइल कारखानों की समस्याओं उठाया
पत्रकार वार्ता में सुरजेवाला ने गुजरात के किसानों, सूरत के हीरा श्रमिक तथा टेक्सटाइल कारखानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सोलार व विंड एनर्जी के लिएकिसानों की उपजाऊ जमीन को लेना अनुचित है, पर्याप्त मुआवजा नहीं देकर कंपनियों औने पौने दाम पर किसानों की जमीन हथिया रही है।
हीरा श्रमिकों के लिए सरकार को कल्याण बोर्ड बनाना चाहिए ताकि बेकारी की हालत में ऐसे परिवार आर्थिक संकट में फंसकर आत्महत्या को मजबूर ना हो।
आप का फोकस सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात पर
उधर आम आदमी पार्टी के सहप्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने दक्षिण गुजरात व सौराष्ट्र के नेताओं से मुलाकात कर पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। आप का फोकस सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात पर सबसे अधिक है।
आप को इन क्षैत्रों में सफलता मिलने की भी उम्मीद है, चूंकि अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट जैसे शहरों में भाजपा संगठन काफी चुस्त दुरुस्त है और किसी अन्य दल को आसानीसे पहुंच नहीं बनाने देंगे लेकिन आप भी कांग्रेस की तरह किसान, हीरा कारीगर, कपड़ा मिल मालिक तथा छोटे उद्यमियों को अपने करीब लाने का प्रयास कर रही है।
