गुजरात के मंत्री ने राहुल को लेकर दिया विवादित बयान
Ganpat Singh Vasava. गुजरात सरकार के मंत्री गणपत सिंह वसावा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात सरकार के मंत्री गणपत सिंह वसावा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जहर दे दो। अगर वह चुनाव तक का वक्त निकाल दें, तो उन्हें शिव अवतार मान लेंगे।'
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर राहुल के समर्थक उन्हें शिव अवतार के रूप में पेश कर रहे हैं। सूरत के बारडोली में सोमवार को भाजपा का विजय संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इसमें मौजूद थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणपतसिंह वसावा ने कांग्रेस व उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस समर्थकों को आड़े हाथ लेते हुए कहा, 'राहुल को उनके समर्थक सोशल मीडिया पर भगवान शिव का अवतार बता रहे हैं। राहुल को 500 ग्राम जहर दे देना चाहिए। अगर वह चुनाव तक बचे रहते हैं तो उन्हें शिव अवतार मान लेंगे।'
वसावा अपने विवादित बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं। उधर, गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोषी ने मंत्री के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि हार के भय से भाजपा के मंत्री ऐसा अनर्गल बयान दे रहे हैं।