गुजरात के भावनगर में नाव पर धमाके के बाद चार लोग लापता
explosion on boat. गुजरात में भावनगर के पिरमबेट टापू पर एक नाव में विस्फोट हो गया।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात में घोघा पिरमबेट टापू के पास बीच समुद्र में अचानक टग बोट में ब्लास्ट हो गया। देखते ही देखते केवल 40 सेकेंड में ही बोट समुद्र में डूब गई। बोट में सवार सभी 10 मेंबर लापता हो गए। घटना के चलते मरीन पुलिस की टीम के साथ स्थानीय मछुआरे भी मदद के लिए पहुंच गए। इस दौरान रेस्क्यू कर छह लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि चार लोगों का अभी कोई पता नहीं चला है। इनकी मौत की खबर हैं, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, वरुण नामक टग बोट अलग से पिरमबेट टापू आ रहे शिप को डीजल सप्लायी करने का काम करती है। दोपहर करीब 12 बजे यह टग बोट शिप के पास डीजल सप्लायी कर रही थी, तभी बोट में जोरदार ब्लास्ट हुआ। देखते ही देखते बोट समुद्र में डूबने लगी। बोट में सवार मेंबर मदद की गुहार लगाने लगे। केवल 40 सेकेंड में ही बोट समुद्र में समा गई। घटना की सूचना पाते ही मदद के लिए तीन बोट में सवार मरीन पुलिस की टीम भी पहुंच गई।
मरीन पुलिस के मुताबिक, टग बोट में कुल 10 लोग सवार थे। इनमें से छह लोगों को बचाने में सफलता मिली है। हालांकि अभी भी चार लोगों का कोई पता नहीं चला है। जवानों द्वारा उन्हें खोजा जा रहा है। मरीन पुलिस के मुताबिक, डीजल सप्लायी करते समय ब्लास्ट हुआ था। घटना में बाल-बाल बचे छह लोगों को उपचार के लिए भावनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी की हालत स्थिर है। सभी लोग भावनगर के रहने वाले हैं।