Madhav Singh Solanki Death: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी का निधन
Madhav Singh Solanki Death News राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मुख्यमंत्री विजय रूपाणी उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा गुजरात कांग्रेस प्रभारी सांसद राजीव सातव आदि ने सोलंकी के निधन पर देख जताया।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। देश के पूर्व विदेश मंत्री व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी का शनिवार सुबह निधन हो गया। रविवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा गुजरात के मुख्यमंत्री सहित भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया, वहीं गुजरात में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया। गुजरात के चार बार मुख्यमंत्री रहे माधव सिंह सोलंकी कांग्रेस के एक कद्दावर नेता रहे हैं, 94 वर्ष की उम्र में शनिवार सुबह गांधीनगर स्थित आवास पर उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोलंकी के निधन की खबर मिलते ही तत्काल मंतिमंडल की बैठक बुलाई तथा उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया।
सोलंकी का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। गुजरात में 80 के दशक में क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी तथा मुस्लिम समुदाय को मिलाकर उन्होंने केएचएएम (खाम) थियरी से चुनाव लडकर विधानसभा की 182 में से 144 सीटों पर जीत दर्ज की थी, इस रिकार्ड को आज तक कोई नहीं तोड़ पाया। सोलंकी नरसिंहा राव सरकार में विदेशमंत्री रहे तथा दो बार गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भी चुने गए। गुजरात कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने बताया कि सोलंकी का पार्थिक देह रविवार को दोपहर 3 से 5 बजे अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल, कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा, गुजरात कांग्रेस प्रभारी, सांसद राजीव सातव आदि ने सोलंकी के निधन पर देख जताया। मुख्यमंत्री रूपाणी, व सांसद सातव सहित कई नेताओं ने सोलंकी के आवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
किसान नेता जीवण भाई का निधन
गुजरात में भारतीय किसान संघ की स्थापना करने वाले जीवणभाई पटेल का शनिवार को निधन हो गया। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी तथा भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने उनके निधन पर शोक जताया। रुपाणी तथा पाटिल ने कहा कि जीवण काका ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों के हितों को समर्पित कर दिया था। उनके सेवा भाव को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।