Gujarat: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले आठ विधायक भाजपा में होंगे शामिल
Gujarat BJP. गुजरात विधानसभा से इस्तीफा देने वाले सभी आठ विधायक शनिवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat BJP. राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से बगावत कर गुजरात विधानसभा से इस्तीफा देने वाले सभी आठ विधायक शनिवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे। राज्य में जल्द ही विधानसभा उपचुनाव व स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं।
गुजरात की चार राज्यसभा सीटों पर गत 19 जून को हुए चुनाव से पहले कांग्रेस के आठ विधायकों ने बारी-बारी से पार्टी से बगावत कर गुजरात विधानसभा से इस्तीफा सौंप दिया था। इसके चलते भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में आसानी से तीन सीट पर जीत दर्ज कर ली थी। खबर है कि अब ये सभी आठ विधायक शनिवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता लेंगे। रूपाणी भाजपा के प्रदेशअध्यक्ष जीतू वाघाणी के साथ शनिवार दोपहर एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने 15 मार्च को तथा अन्य तीन विधायकों ने जून के प्रथम सप्ताह में विधानसभा से इस्तीफा सौंप दिया था, इसलिए सितंबर तक छह माह पूरे होने से पहले इन सीटों के उपचुनाव कराने आवश्यक हैं। राज्य चुनाव आयोग ने भी उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि भाजपा में शामिल हो रहे इन विधायकों में से कुछ को उपचुनाव में चुनाव लड़ने का मौका देगी। हालांकि पिछले उपचुनाव में ठाकोर नेता अल्पेश ठाकोर व धवल सिंह झाला को मैदान में उतारना भाजपा के लिए घाटे का सौदा रहा था और वे दोनों चुनाव हार गए थे। इसी दौरान राज्य की छह महानगर पालिकाओं में भी चुनाव होंगे, इसलिए भाजपा व कांग्रेस इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक देने वाली है।
गौरतलब है कि गुजरात में विवाद के कारण करीब चार घंटे की देरी से आए राज्यसभा चुनाव परिणाम में तीन सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में आई। कांग्रेस की सीट पर शक्ति सिंह गोहिल निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इससे पूर्व भाजपा के दो विधायकों के वोटों को अवैध घोषित करने के लिए कांग्रस विधायकों के हंगामे के कारण मतगणना में विलंब हुआ।
भाजपा से जिन लोगों को राज्यसभा के लिए चुना गया उनके नाम क्रमश: अक्षय भारद्वाज, रमिलाबेन बारा और नरहरी अमीन हैं। यह जानकारी अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी अशोक मानेक ने दी। कांग्रेस की ओर से नामांकन कराने वाले एक अन्य उम्मीदवार भरत सिंह सोलंकी चुनाव नहीं जीत पाए।
गुजरात में राज्यसभा की 4 सीट के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस ने दो उम्मीदवार शक्तिसिंह गोहिल व भरतसिंह सोलंकी को प्रत्याशी बनाया वहीं भाजपा ने अभय भारद्वाज, रमीला बारा व नरहरी अमीन को प्रत्याशी बनाया।