ईडी ने हत्या आरोपित की चार करोड़ की संपत्ति जब्त की
ईडी ने उस व्यक्ति की लगभग चार करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है, जिसने जामनगर के एक वकील की हत्या के लिए भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी।
अहमदाबाद, प्रेट्र। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उस व्यक्ति की लगभग चार करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है, जिसने जामनगर के एक वकील की हत्या के लिए भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी। जयेश रनपारिया नाम का यह आरोपित वकील की हत्या से एक सप्ताह पूर्व फर्जी पासपोर्ट के सहारे दुबई भाग गया था।
कुछ साल पहले जामनगर पुलिस ने जमीन पर कब्जे के आरोप में रनपारिया के खिलाफ दो मामले दर्ज किए थे। उस पर फर्जी पावर ऑफ अटार्नी के सहारे 135 करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप था। बाद में इन्हीं को आधार बनाते हुए उसके खिलाफ वर्ष 2016 में ईडी ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया। उसके खिलाफ इसी तरह के कई और मामले दूसरे थानों में भी दर्ज थे।
उधर, वरिष्ठ वकील किरीट जोशी की हत्या के मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मई में मुंबई में दो लोगों को गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच का दावा था कि चूंकि जयेश के जमीन हड़पने वाले मामले की शिकायत करने वालों की तरफ से जोशी कोर्ट में पैरवी कर रहे थे, इसलिए उसने वकील को मारने की सुपारी दी थी। गौरतलब है कि 28 अप्रैल को दो बाइक सवारों ने जोशी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी।