Gujarat: 60 से अधिक उम्र के कार्यकर्ता भी विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कर सकेंगे दावेदारीः सीआर पाटिल
Gujarat सीआर पाटिल ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के कार्यकर्ता निराश ना हों वे विधानसभा व लोकसभा में दावेदारी कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान के डर से गुजरात का एक भी कांग्रेस नेता स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने नहीं गया।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat: गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट से वंचित 60 वर्ष से अधिक उम्र के कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि वे विधानसभा व लोकसभा में अपनी दावेदारी कर सकते हैं। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान के डर से गुजरात का एक भी कांग्रेस नेता स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने नहीं गया। पंचायत व नगर पालिका चुनावों का प्रचार करने वलसाड व तापी पहुंचे सीआर पाटिल ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के कार्यकर्ता निराश ना हों, वे विधानसभा व लोकसभा में दावेदारी कर सकते हैं। पाटिल ने यह भी कहा कि इस चुनाव में उम्र सीमा 60 के बजाय 40 ही रखनी चाहिए थी।
गौरतलब है कि स्थानीय निकाय चुनाव में युवाओं को मौका देने के लिए कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने भी प्रशंसा करते हुए संसद व विधानसभाओं के लिए भी आयू सीमा तय करनेकी नसीहत दी थी। पाटिल ने सरदार पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी व राहुल के डर से गुजरात कांग्रेस का एक भी नेता अभी तक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने नहीं गया। दुनिया में जो प्रतिमा सबसे ऊंची है तथा देश व दुनिया के लोग हर रोज हजारों की संख्या में यहां आ रहे हैं।
लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में भी तय हो आयु सीमा
रविवार को राजकोट में मतदान के लिए पहुंचे कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने लोकसभा तथा विधानसभा में भी चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा तय करने की बात कही। भाजपा की ओर से युवाओं को टिकट देने को अच्छी शुरुआत बताते हुए कहा कि इससे काम करने की होड़ लगेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टिकट न देकर अच्छा किया है। इससे युवा नेतृत्व सामने आएगा।
गुजरात निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान अहमदाबाद के नारणपुरा में अपने परिवार के साथ मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास जताया कि इस बार भी राज्य के मतदाता यह फैसला करेंगे कि गुजरात भाजपा का अभेद्य दुर्ग है। राज्य के छह नगर निगम चुनावों के लिए रविवार को सुबह सात बजे से वोटिंग हुई। यहां दो चरण में निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। पहले चरण की वोटिंग 21 फरवरी को हुई। दूसरे चरण की वोटिंग 28 फरवरी को होगी। कोरोना महामारी के कारण मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक किया गया है।