Gujarat: कांग्रेस ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पर लगाया घोटाले का आरोप
Gujarat गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पर कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस के मुताबिक नियमों में बदलाव कर सूरत में सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई 91 लाख मीटर जमीन बिल्डरों को सौंप दी गई।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात कांग्रेस ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि नियमों में बदलाव कर सूरत में सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई 91 लाख मीटर जमीन बिल्डरों को सौंप दी गई। गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सूरत शहर विकास परियोजना 2035 के मुताबिक, शहर में आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं के लिए एक करोड़ 66 लाख मीटर से अधिक जमीन सुरक्षित रखी गई थी। गुजरात में विजय रूपाणी के कार्यकाल में अधिकारियों की मिलीभगत से करीब 91 लाख मीटर जमीन बिल्डरों के हवाले कर दी गई। इस जमीन की बाजार कीमत करीब 27 हजार करोड़ रुपये है। उनके मुताबिक, राज्य सरकार को इस मामले की जांच गुजरात हाई कोर्ट के न्यायाधीश से करानी चाहिए।
इधर, गुजरात और राजस्थान में कांग्रेस से मिली बेरखी के बाद भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के रूप में नया साथी खोज लिया है। दोनों आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक मई को गुजरात के स्थापना दिवस पर भरूच में होने वाले आदिवासी महासम्मेलन में इसकी घोषणा करेंगे। बीटीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश वसावा और आप के गुजरात संयोजक गोपाल इटालिया ने दोनों दलों के बीच गठबंधन होने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि बीटीपी के संस्थापक और विधायक छोटू भाई वसावा पंजाब के चुनाव परिणाम से पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के संपर्क में थे। दोनों दल गुजरात का आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लडे़ंगे। उन्होंने कहा कि भरूच के चंदेरिया गांव में एक मई को आदिवासी संकल्प महासम्मेलन होगा। बीटीपी के गुजरात में दो तथा राजस्थान में तीन विधायक हैं। पहले बीटीपी व कांग्रेस के बीच गठबंधन था, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में भरच सीट न छोड़ने पर छोटू वसावा ने कांग्रेस से दूरी बना ली थी।