Gujarat: अपराध के आंकडों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर बोला हमला
गुजरात में हत्या और दुष्कर्म की लगातार हो रही घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोल दिया बीते दो साल में राज्य में अपराध की घटनाओं का ग्राफ काफी बढ़ा है। राज्य में बीते दो वर्षों में आत्महत्या के 15 हजार मामले।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस एक बार फिर गुजरात सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने कहा कि गुजरात में हर दिन दो हत्या व तीन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है। बीते दो साल में गुजरात में 15 हजार आत्महत्याएं, 25 हजार चोरी व ढाई हजार लूट की घटनाएं हुई हैं। सौराष्ट्र में 55 हजार लघु एवं मध्यम उद्योग धंधों पर तलवार लटकी है वहीं राज्य में 6 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिये गये।
गुजरात में विधानसभा की आठ सीट अबडासा, डांग, कपराडा, मोरबी, लींबडी, धारी, करजण व गढडा पर आगामी 3 नवंबर को उपचुनाव होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने सभी 8 सीट को कब्जाने के लिए एक सीट पर एक मंत्री व एक प्रदेश स्तर के नेता को प्रभारी बनाया है। पूर्व मंत्री शंकर भाई चौधरी गांधीनगर कमलम में बैठकर पूरे चुनाव प्रचार का मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उधर कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा, नेता विपक्ष परेश धनाणी व कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल इन सीटों पर समीकरण साधने तथा जनसंपर्क कर रहे हैं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी सभी 8 सीट पर युवाओं की टीम तैयार कर यूथ व बूथ के चुनाव प्रबंधन में जुटे हैं साथ ही रुपाणी सरकार पर भी हमलावर हैं।
मोरबी में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में दोशी ने सरकार को किसान, महिला व युवा विरोधी बताया। राज्य सरकार के ही कुछ आंकडे पेश करते हुए दोशी ने कहा कि राज्य के 55 हजार लघु व मध्यम उद्योग धंधों पर तलवार लटकी हुई है। चाइना से सस्ता माल आयात होने से, सौराष्ट्र के पहचान बने सिरामिक, फार्मा, टेक्सटाइल्स, पाट्रर्स ऑयल इंजिन के निर्माता कारखाने बंद होने के कगार पर हैं। दोषी का आरोप है कि सरकार ने कम छात्र छात्राओं का बहाना कर राज्य के ग्रामीण इलाकों की 6 हजार स्कूलों को बंद कर दिया है।
अपराधों का ग्राफ बढ़ा
मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधी बेखौफ हो गये हैं। उनका आरोप है कि राज्य में बीते दो साल में लूट के 2491 मामले सामने आए, जबकि हत्या के 2034, दुष्कर्म के 2720, अपहरण के 5897, आत्महत्या के 14702, दंगा के 3305, अकाल मौत 44081 तथा हत्या के प्रयास के 2183 मामले दर्ज किये गये। वहीं अकेले मोरबी जिले में दो साल में 60 हत्या, 206 चोरी, दुष्कर्म के 34 तथा अपहरण के 94 मामले सामने आए हैं। दोशी का आरोप है कि राज्य में हर दिन 2-3 हत्याएं व 3-4 दुष्कर्म की घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं।