पीएम मोदी का विजन, सीएम भूपेन्द्र पटेल का एक्शन; फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स की ग्राउंड जीरो से समीक्षा
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (DSIR) का दौरा कर औद्योगिक, सामाजिक और शहरी इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (डीएसआईआर) का दौरा कर वहां आकार ले रही महत्वपूर्ण औद्योगिक, सामाजिक और शहरी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से राज्य में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण विकासोन्मुखी फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स का साइट विजिट कर स्थल पर समीक्षा करने का उपक्रम शुरू किया है।
इस उपक्रम में उन्होंने धोलेरा एसआईआर तथा लोथल में निर्माणाधीन नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के कार्यों की प्रगति की स्थल पर समीक्षा की। उन्होंने धोलेरा में स्थापित हो रहे उद्योगों के कर्मचारियों सहित अन्य लोगों के लिए आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर फैसेलिटीज निर्माण की साइट विजिट की।
मुख्यमंत्री ने इन इन्फ्रास्ट्रक्चर फैसेलिटीज के निर्माण कार्यों के अंतर्गत धोलेरा एसआईआर के एक्टिवेशन एरिया में निर्माणाधीन 200 बेड का मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल, इंटीग्रेटेड स्कूल, फायर स्टेशन, 42 कमरों वाला आधुनिक गेस्ट हाउस, 600 लोगों की क्षमता वाला फूड कोर्ट, 50 टेंट वाली टेंट सिटी, होटल तथा आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स जैसी विभिन्न सामाजिक इन्फ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वन विभाग तथा सद्भावना ट्रस्ट के सहयोग से 53 हेक्टेयर ग्रीन स्पेस में 1.11 लाख से अधिक पौधे लगाने के कार्य तथा वृक्षों के जीवित रहने की उच्च दर सुनिश्चित करने के लिए अपनाई गई ‘ड्रम प्लांटेशन’ तकनीक का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने पर्यावरणीय संतुलन के साथ औद्योगिक विकास के संकल्प को साकार करने वाले इस कार्य की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने धोलेरा के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में महत्वपूर्ण टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन फैसिलिटी का भी प्रत्यक्ष दौरा किया और स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। यह फैसिलिटी सेमीकंडक्टर उत्पादन, सहायक उद्योगों, टेक्नोलॉजी कंपनियों और कुशल रोजगार के व्यापक इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेगी।
सेमीकॉन सिटी के रूप में स्थापित हो रहे धोलेरा में व्यापक एवं सस्टेनेबल इकोसिस्टम का निर्माण हो रहा है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने धोलेरा के कनेक्टिविटी इन्फ्रास्ट्रक्चर की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान धोलेरा इंडस्ट्रियल सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड (डीआईसीडीएल) के प्रबंध निदेशक डॉ. कुलदीप आर्य ने धोलेरा एसआईआर के विकास के संबंध में विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इस प्रेजेंटेशन में औद्योगिक तथा शहरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक सुविधाओं, कनेक्टिविटी और धोलेरा एसआईआर के भावी विकास रोडमैप की प्रगति को शामिल किया गया।
धोलेरा के कनेक्टिविटी इन्फ्रास्ट्रक्चर में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे शुरू हो गया है। धोलेरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हाल ही में कैलिब्रेशन फ्लाइट की सफल लैंडिंग हुई है। इसके वर्ष 2026 के अंत तक चालू होने की अपेक्षा है, जिससे धोलेरा की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। रेल कनेक्टिविटी के लिए 23 किलोमीटर लंबी ‘भीमनाथ-धोलेरा लॉजिस्टिक हब न्यू लाइन’ विकसित की जा रही है।
इसके अलावा 20,667 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 134 किलोमीटर लंबी ‘अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन’ परियोजना को मंजूरी दी गई है। यह प्रोजेक्ट अहमदाबाद, धोलेरा एसआईआर, एयरपोर्ट और लोथल के बीच हाई-स्पीड यातायात सुविधा देगा। औद्योगिक, सामाजिक और कनेक्टिविटी इन्फ्रास्ट्रक्चर के एकीकृत विकास के साथ धोलेरा अत्याधुनिक उत्पादन और उभरती टेक्नोलॉजी के लिए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक केन्द्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री के इस प्रोजेक्ट स्थल दौरे के दौरान मुख्य सचिव मनोज कुमार दास, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार डॉ. हसमुख अढिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार एस. एस. राठौड़, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव विक्रांत पांडे, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव पी. भारती, गुजरात स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स मिशन की मिशन निदेशक नेहा कुमारी, जिला विकास अधिकारी विदेह खरे, रेंज आईजी राघवेन्द्र वत्स, जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के सीईओ एवं एमडी डॉ. रणधीर ठाकुर तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
