गुजरात शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत, गांधीनगर में AAP का सूपड़ा साफ
गुजरात में भाजपा ने गांधीनगर नगर निगम सहित थारा और ओखा नगरपालिकाओं में प्रचंड जीत दर्ज की है। गांधीनगर में ...और पढ़ें

गुजरात शहरी निकायों में भाजपा की प्रचंड जीत।
HighLights
गांधीनगर नगर निगम में भाजपा ने 44 में से 38 सीटें जीतीं।
थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी भाजपा ने सत्ता बरकरार रखी।
कांग्रेस दूसरे स्थान पर, आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुला।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा ने मंगलवार को गांधीनगर नगर निगम चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करते हुए 44 में से 38 सीटों पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही पार्टी ने थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी अपनी सत्ता बरकरार रखी।
गांधीनगर में कांग्रेस पांच सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। आम आदमी पार्टी (आप) इस बार अपना खाता भी नहीं खोल सकी। वर्ष 2021 के पिछले नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी।
शहरी निकायों में भाजपा की प्रचंड जीत
बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं। देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगरपालिका में भाजपा ने 32 सीटों में से 29 पर जीत दर्ज की। कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं। यहां चार सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इन सीटों को मिलाकर भाजपा ने कुल 36 में से 33 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी।
रविवार को हुआ था मतदान
तीनों शहरी निकायों में रविवार को मतदान हुआ था। मंगलवार सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हुई। गांधीनगर नगर निगम की सभी 44 सीटों पर 11 वार्डों में चुनाव हुए, जहां 130 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव आयोग के अनुसार, गांधीनगर में 59.25 प्रतिशत, थारा में 81.18 प्रतिशत और ओखा में 63.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव ईवीएम के जरिए कराए गए।
कार्यकर्ता के परिश्रम का परिणाम- संघवी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसदीय क्षेत्र गांधीनगर का ही यह हिस्सा है। अमित शाह चुनाव प्रचार से भले दूर रहे लेकिन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने मोर्चा संभाल रखा था। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने चुनाव में जीत के लिए महापालिका के नागरिकों को बधाई दी है। संघवी ने कहा कि यह कार्यकर्ता के परिश्रम का परिणाम है। संघवी ने खुद इस चुनाव में कई जगह जाकर पार्टी का चुनाव प्रचार किया था।
गांधीनगर के सेक्टर छह में कांग्रेस को अच्छी सफलता
कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने प्रचार का श्री गणेश कर अपनी कांग्रेस में वापसी का स्पष्ट संकेत दिया था। गांधीनगर के सेक्टर छह में कांग्रेस को अच्छी सफलता भी मिली, चारों सीट उनके खाते में गई, इसमें वाघेला की रणनीति सफल हो गई ऐसा लगता है। चूंकि गत चुनाव में कांग्रेस एक सीट ही जीत सकी थी।
गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर भाजपा में अपना विश्वास जताया है। मौका परस्त राजनेताओं को इस चुनाव में भी जनता ने नकार दिया।
