विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat: पड़ोसी की पत्नी को भगा ले जाने के आरोप में भाजपा नेता निलंबित

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Wed, 24 Mar 2021 08:28 PM (IST)Updated: Wed, 24 Mar 2021 08:34 PM (IST)

Gujarat गुजरात में पड़ोसी की पत्नी को भगा ले जाने के आरोप में भाजपा जिलाध्‍यक्ष मारुति सिंह अटोदरिया ने हिमांशु ...और पढ़ें

पड़ोसी की पत्नी को भगा ले जाने के आरोप में भाजपा नेता निलंबित। फाइल फोटो
पड़ोसी की पत्नी को भगा ले जाने के आरोप में भाजपा नेता निलंबित। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat:  गुजरात भाजपा के एक पदाधिकारी को पड़ोसी की पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले जाने के लिए पार्टी से निलंबित करना पड़ा है। भरूच भाजपा शहर युवा मोर्चा के महामंत्री हिमांशु वैद को अपने पड़ोस में रहने वाले स्‍वजातीय परिवार में आना-जाना रहता था। गत दिनों पड़ोसी की पत्‍नी लापता हुई तो उसकी तलाश की गई। तब पता चला कि हिमांशु वैद भी लापता है। दोनों के मोबाइल घर पर ही पड़े मिले। महिला दो बच्‍चों की मां है। पड़ोसी के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे उसका पति अंजान था। 23 मार्च को भाजपा जिलाध्‍यक्ष मारुति सिंह अटोदरिया ने हिमांशु वैद को पार्टी की प्राथमिक सदस्‍यता व सक्रिय सदस्‍यता से छह साल के लिए निलंबित कर दिया।

दसवीं की छात्रा की गुमशुदगी पर कोर्ट सख्‍त, लापता छात्रा को खोजें या डीसीपी हाजिर हों

अहमदाबाद में दो माह पहले लापता हुई दसवीं की छात्रा का कोई सुराग लगाने में नाकाम रहने पर गुजरात हाईकोर्ट ने पुलिस उपायुक्‍त को तलब किया है। अदालत ने कहा कि दो सप्‍ताह में छात्रा की तलाश करो या सात  अप्रैल को उनके समक्ष पेश हों। अहमदाबाद के ईसनपुर के एक स्‍कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा को 18 जनवरी 2021 को उसके भाई ने स्‍कूल पर छोड़ा था। इसके बाद से वह लापता है। छात्रा के पिता ने गुजरात उच्‍च न्‍यायालय में बंदी प्रत्‍यक्षीकरण याचिका दाखिल की। इसके बाद न्‍यायाधीश सोनिया गोकाणी व न्‍यायाधीश गीता गोपी ने अहमदाबाद सेक्टर 6 के पुलिस उपायुक्‍त को निर्देश जारी किया कि आगामी 2 सप्‍ताह में गुम छात्रा की तलाश करें या आगामी सात अप्रैल को खुद अदालत के समक्ष पेश हों। अधिवक्‍ता शमशाद पठान ने बताया कि पीड़ित पिता ने ईसनपुर पुलिस थाने में इस आशय की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता शकील अंसारी की पहल पर पिता ने अधिवक्‍ता शमशाद के जरिए हाईकोर्ट में बंदी प्रत्‍यक्षीकरण याचिका दाखिल की जिसका अदालत ने संज्ञान लेते हुए पुलिस को दो सप्‍ताह में बच्‍ची की तलाश करने के आदेश जारी किए गए।

कांग्रेस विधायक चंद्रिका बारिया को नोटिस

मोरवा हडफ पुलिस ने कांग्रेस विधायक चंद्रिका बारिया को नोटिस जारी किया है। बारिया ने गत दिनों एक सभा में कहा था कि निकाय चुनाव में भाजपा उम्‍मीदवार ईवीएम के कारण जीते हैं, काम नहीं हो तो भाजपा के नेताओं के घर पत्‍थर फेंकना। कांग्रेस विधायक चंद्रिका बारिया गुजरात कांग्रेस अध्‍यक्ष अमित चावड़ा की मौजूदगी में गत दिनों मोरवा हडफ में एक कार्यकर्ता सम्‍मेलन को संबोधित कर रही थी। उसी दौरान उन्‍होंने कहा कि हाल ही में हुए जिला पंचायत, तहसील पंचायत व नगर पालिका चुनावों में भाजपा उम्‍मीदवार ईवीएम के कारण जीते हैं। लोगों के काम नहीं हों तो भाजपा नेताओं के घर पर पत्‍थर फेंकना। उनके इस भडकाऊ बयान के लिए पुलिस ने उन्‍हें नोटिस जारी किया है।