Saffron Cap: भाजपा की पहचान होगी केसरिया टोपी
Saffron Cap Of BJP गुजरात प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी यग्नेश दवे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में शुक्रवार को अपने रोड शो में केसरिया टोपी पहनकर इसे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की आधिकारिक पहचान घोषित कर दी है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता और नेता अब केसरिया टोपी व खेस (अंगवस्त्र) पहनकर निकलेंगे। गुजरात प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी डा यग्नेश दवे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में शुक्रवार को अपने रोड शो में केसरिया टोपी पहनकर इसे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की आधिकारिक पहचान घोषित कर दी है। केसरिया टोपी आजादी से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक लगाया करते थे। भाजपा ने इसमें अपना चिह्न जोड़ते हुए इसे आधिकारिक रूप से पार्टी की पहचान घोषित कर दी है। देश में अब कहीं पर भी भाजपा नेता व कार्यकर्ता जाएंगे तो यह केसरिया टोपी और खेस धारण कर जाएंगे।
पीएम मोदी ने किया गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करने और उत्तराखंड, मणिपुर तथा गोवा में शासन बरकरार रखने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में रोड शो किया। मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद गुजरात पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी का जोरदार स्वागत किया। अहमदाबाद हवाई अड्डे से गांधीनगर तक रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर उमड़े लोगों ने जगह-जगह उन पर फूल बरसाए। मोदी के इस रोड शो को गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज माना जा रहा है। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।
10 किलोमीटर लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, लोगों ने बरसाए फूल
प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के साथ खुली जीप में सवार होकर रोड शो पर निकले। करीब 10 किमी मार्ग पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक समूहों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम के मुख्य गेट पर मोदी पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसा कर उनका स्वागत किया गया। भाजपा कार्यालय पर मोदी ने सरकार व संगठन के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने की सलाह के साथ उन्हें जीत का मंत्र भी दिया। मोदी के रोड शो में यूक्रेन से लौटे कुछ भारतीय छात्र भी मौजूद थे। उन्होंने छात्रों को लाने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। रोड शो में पूरे रास्ते पर पोस्टर लगाए गए थे। इस दौरान जब पीएम का वाहन गुजरता था तो लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगते थे। इस आयोजन में रास्ते पर बड़े-बड़े स्क्रीन लगाए गए थे, ताकि लोग प्रधानमंत्री मोदी के काफिले का आगे बढ़ना देख सकें।