Move to Jagran APP

Bhagavad Gita: गुजरात के स्कूलों में कक्षा छह से 12 तक के छात्रों को पढ़ाई जाएगी भगवद गीता

Bhagavad Gita गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वाघाणी ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2022-23 से राज्य के स्कूलों में भगवद गीता कक्षा छह से 12 के पाठ्यक्रम का हिस्सा होगी। गीता में निहित मूल्यों व सिद्धांतों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्णय नई शिक्षा नीति के तहत किया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Thu, 17 Mar 2022 06:24 PM (IST)Updated: Thu, 17 Mar 2022 08:13 PM (IST)
Bhagavad Gita: गुजरात के स्कूलों में कक्षा छह से 12 तक के छात्रों को पढ़ाई जाएगी भगवद गीता
गुजरात के स्कूलों में कक्षा छह से 12 तक के छात्रों को भगवद गीता भी पढ़ाई जाएगी। फोटो एएनआइ

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात में आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा छह से 12 के छात्र-छात्राओं को भगवत गीता का पाठ पढ़ाया जाएगा। गीता के मूल्य व सिद्धांत स्कूली पाठ्रयक्रम में शामिल करने का निर्णय केंद्र सरकार की नई शिक्षानीति के अनुसार किया गया है, जो आधुनिक व प्राचीन ज्ञान, संस्कृति व परंपराओं को सिखाने की वकालत करती है। शिक्षामंत्री जीतूभाई वाघाणी ने गुरुवार को विधानसभा में बजट मांगों पर चर्चा के दौरान बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2022-23 से राज्य के स्कूलों में भगवद गीता कक्षा छह से 12 के लिए पाठ्यक्रम का हिस्सा होगी। भगवद गीता में निहित मूल्यों और सिद्धांतों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्णय केंद्र द्वारा लागू की गई नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत किया गया है। जो आधुनिक और प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान प्रणालियों की शुरूआत की वकालत करती है, ताकि छात्र-छात्राएं भारत की समृद्ध और विविध संस्कृति पर गर्व महसूस कर सकें।

loksabha election banner

शिक्षामंत्री ने बताया कि सभी धर्मों के लोगों ने प्राचीन हिंदू धर्मग्रंथों में उल्लिखित नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों को स्वीकार किया है। इसीलिए हम कक्षा छह से 12 के लिए स्कूली पाठ्यक्रम में भगवद गीता को शामिल कर रहे हैं। कक्षा छह से आठ में 'सर्वांगी शिक्षण' (समग्र शिक्षा) की पाठ्यपुस्तक में भगवत गीता शामिल होगी। जबकि कक्षा नौ से इसे पहली भाषा की पाठ्यपुस्तक में कहानी के रूप में शामिल किया जाएगा। स्कूलों में धर्मग्रंथों पर आधारित गतिविधियों जैसे प्रार्थना, श्लोक पाठ, समझ, नाटक, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं भी होंगी। सरकार की ओर से स्कूलों को किताबें, आडियो-वीडियो सीडी जैसी अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कांग्रेस विधायक ने गुजरात में भी दिल्ली जैसे माडल स्कूल बनाने की सलाह दी

अहमदाबाद से जागरण संवाददाता के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब में धमाकेदार जीत का असर कांग्रेस विधायकों पर भी नजर आ रहा है। गुजरात कांग्रेस के विधायक ने आप के दिल्ली माडल की प्रशंसा करते हुए गुजरात सरकार को भी दिल्ली जैसे माडल स्कूल बनाने की सलाह दी है। अहमदाबाद से कांग्रेस विधायक ग्यासुद्दीन शेख ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में स्कूल का एक बेहतर माडल विकसित किया है। दिल्ली के आइएएस व आइपीएस अधिकारियों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। कांग्रेस विधायक शेख ने गुजरात सरकार को नसीहत दी कि वह भी दिल्ली माडल जैसे स्कूलों का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद महानगरपालिका के स्कूलों को माडल स्कूल की तरह विकसित किया जाना चाहिए, ताकि बड़े अधिकारियों व नेताओं के बच्चे भी इसमें पढ़ें। पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद से गुजरात में इसकी जोरदार उपस्थिति की संभावनाएं जताई जा रही हैं।  प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के साथ सत्ताधारी दल भाजपा भी आपकी गुजरात में मौजूदगी को लेकर असहज महसूस करने लगी है। गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनाव के बाद से गुजरात में भी आम आदमी पार्टी की बोलबाला होने लगी है। ‌सूरत व गांधीनगर महानगर पालिका के चुनाव में आम आदमी पार्टी को पहले ही प्रयास में जिस तरह का समर्थन मिला है, उसके बाद से कई नामी लोग आप का दामन थामने की तैयारी में है।

आप में शामिल हो सकते हैं नरेश पटेल

खोडल धाम ट्रस्ट के चेयरमैन व चर्चित पाटीदार नेता नरेश पटेल के भी आप में शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। उनको आप पार्टी पंजाब से राज्यसभा भी भेजने को तैयार बताई जा रही है। ‌ इससे पहले गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने एक खुला पत्र लिखकर नरेश पटेल के राजनीति में शामिल होने का स्वागत किया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी ने भी नरेश पटेल से मुलाकात कर सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की थी। जिसके कारण उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गई थी, लेकिन एक अरसा गुजर जाने के बाद अब उनके आप पार्टी से जुड़ने की चर्चाएं हैं। कांग्रेस के अल्पसंख्यक समुदाय के विधायक ग्यासुद्दीन शेख के ताजा बयान के बाद लगने लगा है कि प्रदेश कांग्रेस के कई विधायकों में आप पार्टी का आकर्षण बढ़ा है। यही कारण है कि अब वह सार्वजनिक रूप से आपके दिल्ली माडल की प्रशंसा भी कर रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.