Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में AAP जीती तो उद्यमियों को छापे से मिलेगी मुक्तिः अरविंद केजरीवाल
Gujarat Assembly Election 2022 दिल्ली के सीएम ने जामनगर में कहा कि मैं व्यापारियों और उद्योगपतियों को गुजरात के विकास में पार्टनर बनाने आया हूं। आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो आपको पार्टनर की तरह ट्रीट किया जाएगा। हुकुम आप देंगे सरकार उसको लागू करेगी।
जामनगर, जागरण संवाददाता। Arvind Kejriwal Gujarat Visit: दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के उद्यमियों को छापे, टैक्स के भय और राजनीतिक चंदे से मुक्त कराने की गारंटी दी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 साल में कई देश आगे निकल गए और भारत पीछे रह गया।
कहा, दिल्ली की तरह कारोबारियों के लिए डर से मुक्त माहौल बनाएंगे
केजरीवाल ने शनिवार को जामनगर में व्यापारियों और उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि सिंगापुर 1960 में आजाद हुआ और आज कहां पहुंच गया। जर्मनी और जापान दूसरे विश्वयुद्ध में बर्बाद हो गए थे। आज कितना आगे निकल गए हैं। हम राजनीति के शिकार हो गए। कोई पार्टी या नेता इसे आगे नहीं ले जा सकता। देश के 130 करोड़ लोग ही अब इसे आगे लेकर जाएंगे। केजरीवाल ने गुजरात के व्यापारियों को पांच गारंटी देते हुए कहा कि राज्य में आप की सरकार बनी तो दिल्ली की तरह यहां भी रेड राज (Raid Raj) को खत्म कर उनके लिए डर से मुक्त माहौल बनाएंगे। व्यापारियों को इज्जत देंगे तथा उन्हें सरकार में भागीदार बनाएंगे। दिल्ली की तरह डोर स्टेप डिलीवरी देंगे। आपको कोई काम हो, एक फोन करें। आप जब बुलाएंगे, तब विभाग के कर्मचारी आपके घर आकर काम कर जाएंगे। वैट (VAT) के पुराने मामलों को खत्म करेंगे। सभी विवाद छह माह में खत्म कर देंगे।
गुजरात सरकार पर साधा निशाना
केजरीवाल ने कहा कि मुझसे मिलने आने वाले व्यापारियों और लोगों पर गुजरात सरकार दबाव बनाती है। केजरीवाल ने कहा कि राजनीतिक दलों को व्यापारी चंदे के लिए चुनाव से पहले ही नजर आते हैं। मैं चंदा मांगने नहीं आया। दिल्ली का बजट पहले 30 हजार करोड़ का था। अब 75 हजार करोड़ का हो गया। गुजरात के बोटाद में हुए शराब कांड पर कहा कि यह कैसी शराबबंदी है? गुजरात में एक फोन पर घर बैठे चाहे जिस ब्रांड की शराब मिल जाती है।
आप गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि जीएसटी अधिकारी आते हैं, तो व्यापारियों को ऐसा लगता है जैसे गब्बर सिंह आए हैं। केजरीवाल से मिलने वाले व्यापारियों को अधिकारी धमकाते हैं, आज के कार्यक्रम से पहले व्यापारियों को नोटिस भेजी गई। सत्ता के नशे में सरकार व अधिकारी दादागिरी करने लगे हैं। आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव ईशुदान गढवी ने कहा कि दिल्ली से आकर केजरीवाल व्यापारियों की पीड़ा सुनते हैं, लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री को इसकी फुर्सत नहीं है।
समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक,अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को जामनगर में कहा कि मैं व्यापारियों और उद्योगपतियों को गुजरात के विकास में पार्टनर बनाने आया हूं। आप की सरकार बनेगी तो आपको पार्टनर की तरह ट्रीट किया जाएगा। हुकुम आप देंगे, सरकार उसको लागू करेगी। आपको पता है कि परेशानी क्या है, सरकार में बैठे मंत्री को नहीं।
व्यापारियों का सलाहकार निकाय बनाएंगे
समाचार एजेंसी प्रेट्र के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर उनकी पार्टी गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता में आई तो सरकार का मार्गदर्शन करने के लिए व्यापारियों का एक 'सलाहकार निकाय' बनाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मूल्य वर्धित कर (वैट) से संबंधित छूट का भी वादा किया और कहा कि पार्टी की सरकार रेड राज को रोक देगी, क्योंकि वह यहां व्यापारियों के एक समूह से मिले थे। केजरीवाल शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर भाजपा शासित गुजरात पहुंचे, यहां साल के अंत तक चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि मैं यहां चंदा लेने नहीं आया हूं, मुझे चंदा नहीं चाहिए। मैं यहां व्यापारियों और उद्योगपतियों को गुजरात के विकास में भागीदार बनाने आया हूं।
रेड राज को समाप्त करेंगे
उन्होंने कहा कि जब आप यहां सरकार बनाएगी तो आपको भागीदार माना जाएगा। आप आदेश देंगे और सरकार उस आदेश को लागू करेगी। व्यापारी समुदाय को अपनी गारंटी के हिस्से के रूप में केजरीवाल ने कहा कि अगर आप सत्ता में आती है तो सरकार का मार्गदर्शन करने के लिए आप एक सलाहकार निकाय बनाएगी। विभिन्न प्रकार के व्यवसाय हैं, विभिन्न उद्योग हैं, और विभिन्न समस्याएं हर दिन सामने आती हैं। इसलिए हम हर क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ एक सलाहकार निकाय बनाएंगे। आप सरकार को बताएंगे कि क्या करना है, और सरकार इसे करेगी। आपका निर्णय सरकार पर बाध्यकारी होगा। उन्होंने कहा कि गुजरात में आप सरकार रेड राज या सरकारी एजेंसियों द्वारा व्यापारियों और व्यापारियों के उत्पीड़न को समाप्त करेगी।