पहलवानों के खिलाफ कार्रवाई पर अनुराग ठाकुर ने दिया बयान, कहा- 'तय स्थान पर प्रदर्शन तक किसी को नहीं छुआ गया'
ठाकुर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की ओर से आवंटित स्थल पर प्रदर्शन करने से किसी ने नहीं रोका। नये संसद भवन के उद्घाटन के दौरान हंगामा करने से राष्ट्र की प्रतिष्ठा को नुकसान होता है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
अहमदाबाद, राज्य ब्यूरो। नये संसद भवन की ओर कूच कर रही महिला व पुरुष पहलवानों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्यवाही पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि जब तक खिलाडी अपने निर्धारित स्थल पर प्रदर्शन करते रहे किसी ने उनको छूआ तक नहीं।
बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 9 साल का कार्यकाल पूर्ण कर चुकी केंद्र सरकार की उपब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए मंगलवार से शुरु होने वाले एक माह के अभियान से पहले केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अहमदाबाद में पत्रकारों को बताया कि पहलवानों की शिकायत पर उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
ठाकुर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की ओर से आवंटित स्थल पर प्रदर्शन करने से किसी ने नहीं रोका, केंडल मार्च निकाला गया तब भी किसी ने पहलवानों को नहीं रोका। नये संसद भवन के उद्घाटन के दौरान हंगामा करने से राष्ट्र की प्रतिष्ठा को नुकसान होता है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को पुलिस के निर्देश का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया।
पुलिस की ओर से कहा गया कि संसद भवन की ओर कूच कर रहे पहलवानों की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी सांसद के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी थी, इसलिए अब पहलवानों को पुलिस के समक्ष आकर बयान दर्ज कराने चाहिए थे ताकि उचित कार्यवाही की जा सके।
मोदी ने रखी विकसित भारत की नींव- ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने कहा केंद्र सरकार ने कश्मीर से धारा 370 को हटाया, आज वहां हर घर पर तिरंगा लहराया जाता है। देश की सुरक्षा के लिए देश में आयात किए जाने वाले 400 सुरक्षा उपकरण का उत्पादन अब देश में होने लगा है। कांग्रेस ने सत्ता में रहते सैनिकों को बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं दिये पर बीते 3 साल में मोदी सरकार ने 2 लाख बुलेट प्रूफ जैकेट दिये। लडाकू विमान, हेलीकॉप्टर आज भारत में बन रहे हैं।
ठाकुर ने कहा दुनिया में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों की प्रशंसा की जा रही है, दुनिया के देश आज भारत के नागरिकों को सम्मान की नजर से देखते हैं। देश की जनता ने एक निर्णायक सरकार को चुना है। पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने हैं, मोदी ने 9 साल में विकसित भारत की नीवं रखी है, भारत सुपर पावर बनने की ओर आगे बढ रहा है।
भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरी
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल भी पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे, मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार के सफलता के 9 साल पूरे हो चुके हैं, इस दौरान भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरी है, भारतीय संस्क्रति की पुर्नस्थापना हुई, गरीबों का कलयाण हुआ तथा युवाओं की आकांक्षाएं पूरी हुई।
महिला सशक्तिकरण, किसानों का कल्याण जैसे कार्य हुए। केंद्र सरकार गरीब, दलित, पीडित एवं शोषित- वंचितों को समर्पित सरकार है। भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बडी स्टार्ट अप इकोनोमी वाला देश बना है, अकेले गुजरात में 850 स्टार्ट अप कार्यरत हुए हैं।