विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2030 तक रेलवे में शून्य हो जाएगा डीजल का इस्तेमाल, देश की पहली LNG ट्रेन की शुरुआत पर बोले अमित शाह

Published: Sun, 27 Sep 2026 07:45 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साबरमती से पाटन तक देश की पहली एलएनजी एवं डीजल संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

2030 तक रेलवे में शून्य हो जाएगा डीजल का इस्तेमाल।

2030 तक रेलवे में शून्य हो जाएगा डीजल का इस्तेमाल।

HighLights

  1. अमित शाह ने पहली LNG-डीजल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

  2. भारतीय रेलवे 2030 तक डीजल का उपयोग शून्य करेगा।

  3. साबरमती में WAG-12 लोको शेड का भी उद्घाटन किया।

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को साबरमती स्‍टेशन पर पाटन तक चलने वाली देश की पहली एलएनजी (तरल प्राकृतिक गैस) एवं डीजल संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही साबरमती डिवीजन में कई अन्य रेल परियोजनाओं की भी शुरुआत की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक रेलवे में डीजल का उपयोग शून्‍य कर दिया जाएगा, इससे सरकारी धन को काफी बचत होगी। गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि एलएनजी ट्रेन इकोनॉमी व ईकोलॉजी को साथ लेकर चलती है।

शाह ने बताया कि रेलवे में वर्ष 2015-16 में 293 करोड़ लीटर डीजल का उपयोग होता था, जो वर्ष 2024-25 में घटकर 108 करोड़ लीटर रह गया है। उन्होंने बताया कि संप्रग कार्यकाल में वर्ष 2010-11 में रेलवे में विद्युतीकरण का वार्षिक औसत 75 किलोमीटर था, जो 2023-24 में 7188 किलोमीटर तक पहुंच गया।

भारतीय रेलवे पूर्ण विद्युतीकरण के करीब पहुंच गई- शाह

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे पूर्ण विद्युतीकरण के करीब पहुंच गई है। रेल मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस मामले में स्विट्जरलैंड 100 प्रतिशत, भारत 99.6 प्रतिशत, चीन 82 प्रतिशत, स्पेन 67 प्रतिशत, फ्रांस 60 प्रतिशत और ब्रिटेन 39 प्रतिशत पर है।

शाह ने साबरमती में डब्ल्यूएजी-12 इंजनों के लोको शेड का भी उद्घाटन किया। 700 करोड़ रुपये के इस शेड को 300 डब्ल्यूएजी-12 इंजनों के रखरखाव के लिए बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 12 हजार हार्स पावर वाला यह इंजन करीब 600 ट्रक का माल व सामान का एक साथ परिवहन कर सकता है।

साबरमती रेलवे स्‍टेशन के बदले स्‍वरूप की चर्चा करते हुए शाह ने बताया कि पिछली सदी के नौवें दशक में जब वह दिल्‍ली से आकर साबरमती स्‍टेशन पर उतरते थे, तब आटो पकड़ने के लिए भी दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। आज कोई मान नहीं सकता कि ऐसा कायाकल्‍प हुआ है।

2014 से पहले इस देश पर एक ही परिवार का शासन था- शाह

उन्होंने कहा, "2014 से पहले इस देश पर एक ही परिवार का शासन था। मैं केवल रेलवे के बारे में बात करना चाहता हूं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल सिस्टम, प्रीमियम स्टेशन, ये सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया है। हाइड्रोजन संचालित ट्रेन का उद्घाटन करके उन्होंने भारत को दुनिया के चुनिंदा चार देशों में खड़ा कर दिया है।"

उन्होंने कहा, "कांग्रेस बकवास करती है। देश की जनता को उन्हें आंकड़ों के साथ चर्चा के लिए कहना चाहिए। आपने (कांग्रेस) 12 लाख करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, घोटाले और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। लेकिन 12 वर्षों में कोई भी मोदी पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा सका।"

गृह मंत्री ने कहा कि मुंबई से वडोदरा तक पहली लंबी डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिससे देश में माल ढुलाई के लिए ट्रैक की कमी से निपटने में मदद मिलेगी। मोदी सरकार के तहत 11 हजार किलोमीटर रेल कॉरिडोर को चार-ट्रैक के नेटवर्क में बदला जा रहा है।