अहमदाबाद: धुंधका में युवक की हत्या के बाद एक्शन में प्रशासन, अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
अहमदाबाद के धंधुका में युवक की हत्या के बाद प्रशासन एक्शन में दिखा। प्रशासन ने अवैध रूप से बनाई गई इमारतों और कब्जों को हटाने का अभियान शुरू किया है।
HighLights
धंधुका में युवक की हत्या के बाद प्रशासन सख्त
अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान शुरू
सुरक्षा के लिए 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद के धंधुका में ओवरटेक विवाद में धर्मेश गामरा नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इलाके में हिंसा भड़क गई थी और दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। अब दो दिन प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है।
प्रशासन ने मंगलवार को अवैध रूप से बनाई गई इमारतों और कब्जों को हटाने के लिए एक अभियान शुरू किया है। क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। खटकीवाड़ में चार अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। जबकि धंधुका-बगोदरा हाईवे पर भी अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
अवैध कब्जों के खिलाफ चला अभियान
धर्मेश गामरा हत्याकांड में आरोपियों के घरों के आस-पास बनी अवैध इमारतों पर भी कार्रवाई की जा रही है। धंधुका के SDM विद्यासागर ने बताया कि अवैध कब्जे हटाने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि धर्मेश गामरा हत्याकांड के आरोपियों के घर के आस-पास सड़क पर कुछ कब्जे पहचाने गए हैं, जिन्हें भी हटाया जाएगा।
एसडीएम ने कहा, 'धंधुका-बगोदरा हाईवे पर फ्लाईओवर से लेकर धंधुका चौक तक के सभी अवैध कब्जे भी हटाए जाएंगे। आरोपी का घर भी हटाया जाएगा। प्रशासन अपनी नियमित गतिविधियों के हिस्से के तौर पर अवैध कब्जे हटाता है।'
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आस्था राणा ने कहा कि इस अभियान के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगभग 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके लिए 2 अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। हालात पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें भी तैनात की गई हैं।
