अहमदाबाद में कॉलेज जा रही बीएससी की छात्रा की क्रेन से कुचलकर मौत, ड्राइवर मौके से भागा
अहमदाबाद के गोटा इलाके में सिल्वर ओक कॉलेज के पास एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्रा प्रेरणा निनामा की क्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के गोटा इलाके में सिल्वर ओक कॉलेज के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में कॉलेज जा रही 19 साल की एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बता दें कि यह हादसा अहमदाबाद के गोटा इलाके में स्थित प्रसिद्ध सिल्वर ओक कॉलेज के पास की है। दुर्घटना में जान गंवाने वाली छात्रा की पहचान 19 वर्षीय प्रेरणा निनामा के रूप में हुई है। वह इसी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
कॉलेज जा रही थी प्रेरणा
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को प्रेरणा रोजाना की तरह कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेन की चपेट में वह आ गईं और क्रेन के अगले टायरों के नीचे कुचले जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ हादसा
इस खौफनाक दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद क्रेन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
