Gujarat: अहमद पटेल के बेटे फैजल और बेटी मुमताज ने राजनीति में आने से किया इनकार
Gujarat अहमद पटेल के पुत्र व पुत्री ने खुद के राजनीति में आने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वे राजनीति में नहीं आएंगे। पापा के सामाजिक सेवा कार्य को आगे बढाएंगे। गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल का गत बुधवार को निधन हो गया था।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Gujarat: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन से रिक्त हुई गुजरात की राज्यसभा सीट पर जल्द चुनाव होने की संभावना है। पटेल के पुत्र व पुत्री ने खुद के राजनीति में आने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वे राजनीति में नहीं आएंगे। पापा के सामाजिक सेवा कार्य को आगे बढाएंगे। गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल का गत बुधवार को निधन हो गया था। वे अगस्त 2017 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। उनके निधन से राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। इसी बीच, अहमद पटेल के पुत्र फैजल तथा पुत्री मुमताज ने सोशल मीडिया में एक संदेश जारी कर राजनीति में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
मुमताज ने बताया कि कई लोग उनके राजनीति में आने की बात कर रहे हैं, लेकिन वे अहमद पटेल के सामाजिक कार्यों को आगे बढाना चाहते हैं। मुमताज ने कहा कि पापा ने शिक्षा, स्वास्थ्य व सामाजिक क्षेत्र में काफी काम किया है। अपने पैतृक गांव वांदरी में कई सेवा कार्य चल रहे हैं, इसलिए वे पापा के काम को आगे बढ़ाते हुए गरीब व जरूरतमंद लोगों की मदद करना चाहते हैं। सेवा कार्य के जरिए ही वे अपने पिता अहमद पटेल के नाम को आगे ले जाना चाहते हैं। राज्यसभा की खाली सीट पर दिसंबर या जनवरी में चुनाव होने की संभावना है। हालांकि एक सीट पर ही चुनाव होने से विधानसभा में संख्याबल के हिसाब से यह सीट भाजपा के खाते में जाना तय है। गुजरात में राज्यसभा की 11 सीट में से हाल सात भाजपा के कब्जे में हैं, जबकि तीन कांग्रेस के कब्जे में हैं। विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 111 है, जबकि कांग्रेस विधायकों की संख्या 65 है। अभी हाल ही में गुए गुजरात उपचुनाव में आठों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस अपनी पैत्रिक सीट भी नहीं बचा पाई।