'बैनर लेकर खड़ा होना अपराध नहीं', हिरासत में लिए जाने पर भड़कीं अहमद पटेल की बेटी मुमताज
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल को भरुच में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया।

हिरासत में लिए जाने पर भड़कीं अहमद पटेल की बेटी मुमताज।
HighLights
मुमताज पटेल को भरुच में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया।
उन्होंने पुलिस के सादा वर्दी व्यवहार और नेमप्लेट न होने पर आपत्ति जताई।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन को अपराध बताना गलत, मुमताज पटेल का बयान।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता अहमद पटेल की पुत्री एवं कांग्रेस नेता मुमताज पटेल को सोमवार को भरुच में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लेकर छोड़ दिया लेकिन मुमताज ने पुलिस के व्यवहार पर एतराज जताते हुए कहा कि सादा वर्दी में पुलिस थी या कोई और। उनका कहना है वो एक ओर शांति से बैनर लेकर खड़ी थी फिर भी उन्हें रोका गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से देश के हर शहर व जिलों में प्रदर्शन के एलान के बाद कांग्रेस नेता मुमताज पटेल अपने ग्रह जिले भरुच में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में उतरी थी। वायरल वीडियो में एक सादा वर्दी में मौजूद कर्मी उन्हें धकेलते हुए पुलिस की कार तक ले जाता है।
मुमताज का कहना है कि वो पुलिसकर्मी था या कोई और। हाथ में बैनर लेकर एक तरफ खडे़ होना कोई अपराध नहीं लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ उनको भी हिरासत में लिया।
एक दूसरे वीडियो में मुमताज पुलिस की चलती हुई कार से बाहर निकलते हुए पुलिस कार्यवाही पर सवाल उठाते नजर आती हैं। उनका कहना है कि प्रदर्शन स्थल पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी की वर्दी पर बैज नहीं थे कई पुलिसकर्मी नेमप्लेट के बिना वहां मौजूद थे।
ध्यान रहे कि भरुच से ही अहमद पटेल भारत के सबसे कम उम्र के सांसद चुने गये थे। लंबे समय तक अहमद पटेल कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव रहे तथा वर्तमान नेता विपक्ष राहुल गांधी के भी राजनीतिक सलाहकार माने जाते थे।
