यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अहमदाबाद में डेंगू से 7 की मौत, 15 दिन में मिले मलेरिया के 2500 मरीज
दिल्ली में चिकनगुनिया व मलेरिया जैसी बीमरियों से लोग मर रहे है। वहीं अब अहमदाबाद में भी मच्छरजन्य रोगों ने अपना शिकंजा कस लिया है।

अहमदाबाद। दिल्ली में चिकनगुनिया व मलेरिया जैसी बीमरियों से लोग मर रहे है। वहीं अब अहमदाबाद में भी मच्छरजन्य रोगों ने अपना शिकंजा कस लिया है। पिछले 15 दिनों में अहमदाबाद में डेंगू से सात लोगों की मौत हुई है। केवल मलेरिया के 2500 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। बता दें कि यह केवल सरकारी अस्पतालों के आंकड़े हैं। निजी अस्पतालों में इसकी तादाद कहीं ज्यादा है।
अहमदाबाद महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शहर के पूर्व क्षेत्र में सबसे अधिक लोग बीमार है। यहां मच्छरों का पैदावार बढ़ गया है। इसे रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जगह-जगह दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। स्कूलों में बच्चों को फुल साइज का टीशर्ट पहने का आदेश दिया जारी किया है। लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद मच्छरजन्य रोगों से लोग बेहाल है। गत सप्ताह वीएस अस्पताल में भर्ती एक 13 वर्षीय प्रवीण परमार नामक बालक की मौत हो गई। डेंगू से पीड़ित अन्य तीन मरीजों को भी मौत हो गई। बापुनगर के चिराग प्रजापित नामक 17 वर्ष के किशोरी रविवार को शारदाबेन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका डेंगू का टेस्ट पॉजीटिव आया था।
महानगर पालिका के जारी आंकड़ों के मुताबिक, गत वर्ष जनवरी से दिसंबर के दौरान मच्छरजन्य रोगों से पीड़ित कुल 6857 मरीज दर्ज हुए थे, लेकिन इस वर्ष जनवरी से सितंबर तक 721 मरीज मिले हैं। मलेरिया के मरीजों की संख्या में 20 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। चिकनगुनिया के 20 मामले दर्ज हुए हैं। डेंगू के 94 मामले सामने आए हैं। स्वाथ्यय विभाग के अनुसार डेंगू के मरीजों के लिए छह लाख के खर्च पर दवाइयां खरीदी गई हैं तथा बाग-बगीचों के बाहर आयुर्वेद दवाईयों का वितरण किया जा रहा है।
शहर में मच्छरजन्य बीमारियां बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों की ब्रीडिंग मिलने पर शहर की 145 स्कूलों को नोटिस व 1.23 लाख रुपए का अर्थदंड दिया गया है। इसके अलावा शहर के नवरंगपुरा क्षेत्र की अधिकांश शैक्षणिक संस्थाओं में जांच के बाद मच्छरों का ब्रीडिंग के मामले में साल एजुकेशन कैम्पस, स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट, एमजी साइंस कॉलेज, एचएल कॉमर्स कॉलेज, एलडी कैम्पस, पीआरएल, अटीरा, गुजरात यूनिवर्सिटी को नोटिस दिया गया है। शहर के आस्टोडिया में महीपतराम रुपराम आश्रम, खानपुर भवंस कॉलेज और शाहीबाग की एनआईओएच को नोटिस दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नरोड़ा की हेव हाइट्स के निर्माण साइट पर मच्छरों का ब्रीडिंग मिलने पर 50 हजार का अर्थदंड दिया गया है। आर्यन इंपल्स को 3 हजार, साल एजुकेशन कैम्पस को 3500, इन्टरसिटी मारुतिनंदन को 10 हजार, कतीरा कंस्ट्रक्शन साइट को 10 हजार, मिराम्बीका कंस्ट्रक्शन को 10 हजार, वेस्ट गेट बिजनेस साइट को 5 हजार, इन्डिया रेडक्रॉस पर 3 हजार का अर्थदंड लगाया गया है।
