Gujarat: महंगाई के विरोध में प्रदर्शन के दौरान राजकोट में कांग्रेस के 30 कार्यकर्ता हिरासत में
protest against inflation राजकोट में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के करीब 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि विरोध का नेतृत्व पार्टी के राजकोट शहर के अध्यक्ष अर्जुन कटारिया ने किया। इसमें महिला विंग के सदस्य भी शामिल हुए।
राजकोट, प्रेट्र। गुजरात के राजकोट में सोमवार को महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के करीब 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। कई प्रदर्शनकारियों को सब्जियों से बनी माला पहने देखा गया, जबकि अन्य ने सत्ताधारी भाजपा के साथ-साथ मूल्य वृद्धि के नारे के साथ गैस सिलेंडर और ईंधन डिस्पेंसर के कटआउट और तख्तियां ले रखी थीं। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि विरोध का नेतृत्व पार्टी के राजकोट शहर के अध्यक्ष अर्जुन कटारिया ने किया। इसमें महिला विंग के सदस्य भी शामिल हुए। सब्जियों की प्रत्येक माला की कीमत 500 रुपये हो सकती है, जिस तरह से आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। कटारिया ने कहा कि लोगों के परेशान होने पर सो रही भाजपा सरकार को जगाने के लिए विरोध-प्रदर्शन किया गया। रसोई गैस सिलेंडर से लेकर कपड़े, यूरिया तक सब कुछ अब महंगा हो गया है। प्रद्युम्न नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि कटारिया और दो महिलाओं सहित 30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि खुदरा महंगाई दर पिछले चार महीनों से छह फीसद से अधिक चल रही है और अप्रैल महीने में यह दर 7.8 फीसद के साथ पिछले आठ साल के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई। आर्थिक विशेषज्ञों के मुताबिक, इस महंगाई के लिए वैश्विक परिस्थिति के साथ घरेलू स्तर पर हो रहे आर्थिक विकास को भी जिम्मेदार माना जा सकता है क्योंकि इससे खपत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कंज्यूमर ड्यूरेबल की खरीदारी के लिए लोन में हो रही बढ़ोतरी, गोल्ड लोन में कमी, मनरेगा के तहत काम मांगने वालों की संख्या में कमी के साथ आयात में होने वाली लगातार बढ़ोतरी घरेलू स्तर पर मांग में मजबूती दर्शा रही है। गत अप्रैल में आयात बिल से पेट्रोलियम पदार्थ और सोने-चांदी के आयात मूल्य को हटाने के बाद भी अन्य वस्तुओं के आयात में 29.68 फीसद की बढ़ोतरी दिख रही है, जो घरेलू मैन्यूफैक्चरिंग और मांग में मजबूती को दर्शाता है।