30 मिनट में खा लिए 28 लड्डू, गुजरात के तारनेतर मेले में मिठाई खाने की अनोखी प्रतियोगिता
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के प्रसिद्ध तारनेतर मेले में अनोखी लड्डू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 30 मिनट में 28 लड्डू खाकर एक शख्स ने यह प्रतियोगिता जीती।
-1789638105764_m.webp)
तारनेतर मेले में लड्डू खाने की प्रतियोगिता (जागरण)
HighLights
तारनेतर मेले में आयोजित हुई अनोखी लड्डू प्रतियोगिता।
75 वर्षीय बलवंतभाई ने 30 मिनट में खाए 28 लड्डू।
बलवंतभाई ने लगातार दूसरी बार जीती प्रतियोगिता।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के थांगढ तालुका के विश्व प्रसिद्ध तारनेतर भाटीगल मेले में लड्डू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
झालावाड़ की लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़ी ग्रामीण ओलंपिक के अंतर्गत 'लड्डू प्रतियोगिता' लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई। इस अनूठी प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मेले में उमड़े।
28 लोगों ने लड्डू प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
लड्डू प्रतियोगिता में 25 से 75 वर्ष की आयु वर्ग के 28 उत्साही प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगियों को 30 मिनट की निर्धारित समय सीमा के भीतर चीनी युक्त बेसन के लड्डू दाल के साथ खाने थे।
प्रतियोगिता शुरू होते ही प्रतियोगियों ने तेजी से लड्डू खाना शुरू कर दिया। पहले 15 मिनट के भीतर ही अधिकांश प्रतियोगी औसतन 15 लड्डू खाने के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
30 मिनट में खा लिए 28 लड्डू
प्रतियोगिता के अंतिम क्षणों में जबरदस्त उत्साह के बीच, विंचिया तालुका के ओरी गांव के निवासी बलवंतभाई राघवानी, जो पिछले वर्ष भी विजेता रहे थे, उन्होंने निर्धारित 30 मिनट में कुल 28 लड्डू खाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बलवंतभाई को ये प्रतियोगिता जीतने पर 2,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। पिछले साल भी लड्डू प्रतियोगिता में बलवंतभाई ही जीते थे।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर जी. एच. सोलंकी ने कहा कि जनता के ऐसे उत्साह और सहयोग के कारण ही प्रतियोगियों को वास्तविक आनंद प्राप्त हुआ। यह तारनेतर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखता है और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है।
सहायक पुलिस अधीक्षक वैदिका बिहानी, प्रांतीय अधिकारी के. एन. काचा और जिला खेल विकास अधिकारी पार्थ चौहान सहित वरिष्ठ अधिकारी इस भव्य आयोजन में उपस्थित थे और उन्होंने विजेता प्रतियोगी का उत्साहवर्धन किया।
यह भी पढ़ें- PM Modi Birthday: 25 साल के 25 पड़ाव... गुजरात के मुख्यमंत्री से सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री तक का सफर
