Ram Mandir Donation: अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 1 माह से कम समय में जमा हुए 1,511 करोड़
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दान अभियान 15 जनवरी से शुरू हो चुका है जो 27 फरवरी तक जारी रहेगा। कोषाध्यक्ष स्वामी गिरी के अनुसार श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के खाते में अब तक 1511 करोड़ की राशि जमा हो चुकी है।
सूरत, एएनआइ। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अब चंदे से मिली दानाराशि डेढ़ हजार करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुकी है। शुक्रवार तक अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Temple के निर्माण और प्रबंधन की देखरेख के लिए गठित किए गए श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के खाते में 1,511 करोड़ की राशि जमा हो चुकी थी। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने शुक्रवार शाम इसकी जानकारी दी।
कोषाध्यक्ष स्वामी गिरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण निर्माण और प्रबंधन की देखरेख के लिए गठित ट्रस्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के खाते में 1,511 करोड़ की राशि जमा हो चुकी है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा, श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए पूरे देश से ही धनराशि एकत्रित की जा रही है। हम चाहते हैं कि देश के 4 लाख गांव और 11 करोड़ परिवार हमारे दान अभियान के दौरान पहुंचे। दान अभियान 15 जनवरी से शुरू हो चुका है जो 27 फरवरी तक जारी रहेगा। मैं इस अभियान के लिए सूरत में हूं लोग ट्रस्ट को काफी योगदान कर रहे हैं। स्वामी गोविंद देव गिरि ने बताया कि 492 साल बाद, लोगों को धर्म के लिए कुछ करने के लिए खास अवसर मिल रहा है।
गौरतलब है कि 9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट की बेंच के पांच-न्यायाधीशों ने भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अगुवाई में राम मंदिर के पक्ष में फैसला सुनाया था और 2.7 एकड़ में फैली पूरी विवादित भूमि को राम मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट को सौंपने के लिए कहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने फरवरी 2020 में राम मंदिर के निर्माण की देखरेख के लिए तीर्थक्षेत्र के गठन की घोषणा की थी और 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया था।