Coronavirus: गुजरात में कोरोना वायरस के 14 पॉजिटिव केस, मुख्यमंत्री ने चार शहरों को दिया लॉक डाउन का आदेश
Coronavirus मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने प्रदेश के चार शहरों को 25 मार्च तक लॉक डाउन करने का आदेश दिया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। Coronavirus: गुजरात में कोरोना वायरस के मरीजों में हो रही सतत वृद्धि के मद्देनजर राज्य सरकार ने सतर्कता के कदम उठाए हैं। इस दौरान गत 24 घंटो में के दौरान प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात से बढ़कर 14 हो गई है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने प्रदेश चार के शहरों को 25 मार्च तक लॉक डाउन करने का आदेश दिया है।
गुजरात में कोरोना वायरस के एक ही दिन में 14 मरीज हो जाने से हड़कंप मच गया है। इनमें से 12 विदेश से आए गुजरात के लोग है। अहमदाबाद में चार, अहमदाबाद ग्रामीण में एक, वडोदरा में तीन, राजकोट में एक, गांधीनगर और कच्छ में एक-एक तथा सूरत में तीन मामले सामने आए हैं। इस दौरान जांच के लिए कुल 189 सैंपल लिए गए, जिनमें 13 पॉजिटिव, 148 नेगेटिव और 28 का रिपोर्ट आना बाकी है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कोरोना संक्रमण से बचने के लिए अहमदाबाद, राजकोट, सूरत और वडोदरा शहर को 25 मार्च तक लॉक डाउन करने का फैसला लिया गया है। केवल अस्पताल व किराना स्टोर तथा पेट्रोल पंम्प, बैंक तथा एटीएम ही चालू रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल तक कोरोना वायरस के सात पॉजिटिव मामले सामने आए थे, अब इसमें 90 प्रतिशत की वृद्धि हो कर इनकी सख्या 14 हो गई है। गुजरात में गुरुवार को दो, शुक्रवार को पांच पॉजिटिव केस आ थे। इस दौरान शनिवार को सात पॉजिटिव केस दर्ज हुए हैं। सूरत में एक नया पॉजिटिव केस आया है। एक 23 वर्षीय एक युवक दुबई से आया है। उसका ब्लड सैंपल कोरोना पॉजिटिव आया है। यह युवक छह व्यक्तियों के संपर्क में आया। उनकी तलाश जारी कर दी गई है। अहमदाबदा में एक और पॉजिटिव केस आया है। यह व्यक्ति भी दुबई से आया है। नए सात पॉजिटिव में से दो सीनियर सिटीजन हैं। वे 67 और 69 के हैं। वे दिल्ली और जयपुर जाकर आए हैं। दुबई से आया मूल जयपुर का 24 वर्षीय युवक का ब्लड सैंपल भी पॉजिटिव आया है। वहीं, राजधानी गांधीनगर में अमेरिका से आया 26 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव है। गांधीनगर का यह युवक भी आठ व्यक्तियों के संपर्क में आया है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं श्रीलंका से वडोदरा आया 52 वर्षीय पुरुष भी कोरोना पॉजिटिव है।
मुख्यमंत्री ने की लोगों से अपील, घर से बाहर न निकले
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिए जनता कर्फ्यू का समर्थन करें। लोग अपने घरों से बाहर न निकलेँ। वे घर और घर के परिसर में स्वच्छता रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल परिसर में निर्मित 1200 बेड की आधुनिक अस्पताल को कोरोना की चिकित्सा के लिए स्पेशल अस्पताल का दर्जा दिया गया है। इसी तरह राजकोट, वडोदरा और सूरत में भी नई व्यवस्था की गई है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए गुजरात के चार शहरों में बंद कर चार वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि एमएस पटेल को वडोदरा, विनोद राव, सूरत और राजकोट की राजीव गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गयी है और अहमदाबाद में पंकज कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने वडोदरा की सयाजी राव अस्पताल की मुलाकात कर कोरोना वायरस की स्थिति की समीक्षा की। इससे पूर्व सरकार ने पाठशालाएं कालेज, कोचिंग क्लास, जीम खाना, वाटर पार्क वगैरह बंद कर दिया है। राज्य में चार से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।