Coronavirus: गुजरात की जेलों से बाहर आएंगे 1200 कैदी, किसान व मजदूरों को आने-जाने की छूट
Coronavirus. लॉकडाउन के बीच गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने जेलों में बंद 1200 कैदियों को दो माह के पैरोल पर छोड़ने का फैसला किया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। Coronavirus. कोरोना संक्रमण के भय से लॉकडाउन के बीच गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने जेलों में बंद 1200 कैदियों को दो माह के पैरोल पर छोड़ने का फैसला किया है। वहीं, सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने के लिए 46 केस दर्ज किए गए हैं।
गुजरात में रवी पाक फसल की कटाई का समय है, इसलिए सरकार ने किसानों को फसल की कटाई, थ्रेसर, हार्वेस्टर आदि साधनों को लाने ले जाने व किसानों व श्रमिकों को इस दौरान आने-जाने की छूट दी है। किसान फसल व फल सब्जी को गोदाम व मार्केट में भी ले जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री के सचिव अश्विनी कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार राज्य की जेलों में बंद 1200 कैदियों को पैरोल पर दो माह की अंतरिम जमानत पर छोड़ने का फैसला किया है। लॉकडाउन के दौरान लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होती रहे, इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरतमंद लोगों को राशन, तैयार खाना व फूड पैकेट भी सरकार उपलब्ध करा रही है।
राज्यभर में साढ़े पांच लाख फूड पैकेट का वितरण किया गया। वहीं, एफसीआइ गोदाम में 6,45 लाख मैट्रिक टन तथा नाफेड के पास छह हजार मैट्रिक टन दाल का संग्रह रखा है। केंद्र से मंजूरी के बाद जोमेटो व स्वीगी ने गुजरात में फूड की होम डिलीवरी शुरू कर दी है।
पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा के निर्देश पर पुलिस ने अधिसूचना का भंग करने वालों की सीसीटीवी व ड्रॉन से निगरानी शुरु कर 14 केस दर्ज किए, जबकि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने पर 46 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिसूचना के भंग के मामले में पुलिस अब तक छह हजार लोगों की धरपकड़ कर इतने ही वाहन जब्त कर चुकी है। लॉकडाउन के दौरान होम क्वारंटाइन भंग के 418 मामले भी सामने आए हैं।
इसी बीच, गुजरात में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 58 पहुंच गई है। अहमदाबाद में रविवार को भर्ती हुए एक 47 साल के पुरुष की मौत हो गई। वहीं, 34 साल के युवक में भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। अहमदाबाद में एक 67 साल की महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। गुजरात में अब तक कोरोना से पांच की मौत हो चुकी है। करीब 20 हजार लोग क्वारंटाइन में रखे गए हैं।