पुतिन ने कतर को थमाई 2022 विश्व कप की टॉर्च
व्लादिमिर पुतिन ने कतर को 2022 विश्व कप की मेजबानी के लिए टॉर्च थमाई।
मास्को, एपी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कतर को 2022 विश्व कप की मेजबानी के लिए टॉर्च थमाई। फ्रांस और क्रोएशिया के बीच होने वाले खिताबी भिड़ंत से पहले पुतिन ने कतर के शेख तमीम बिन हमाद अल थानी और फीफा अध्यक्ष गियनी इंफेंटिनो से क्रेमलिन में मुलाकात की। पुतिन ने कहा कि रूस विश्व कप सफल रहा और मुझे यकीन है कि कतर के हमारे दोस्त इस सफलता को 2022 विश्व कप में उसी स्तर पर लेकर जाएंगे। पुतिन ने इस मौके पर थानी को औपचारिक रूप से फुटबॉल देकर कतर को शुभकामनाएं दी।
विश्व कप स्टेडियमों के भविष्य पर सवाल
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को पता है कि टूर्नामेंट के बाद उसके स्टेडियमों से उसके विश्व कप की सफलता की विरासत का आकलन किया जाएगा और उनकी इच्छा है कि उन्हें अच्छे से रखा जाए। एक महीने तक चलने वाले विश्व कप के 12 स्टेडियमों के निर्माण के लिए करीब दो खरब 73 अरब रुपये खर्च किए थे। पुतिन ने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि कैसे, लेकिन मैं इन स्टेडियमों को बाजार की तरह बनने नहीं दे सकता।