नई टीम विसेल कोबे में शामिल हुए स्पेन के मिडफील्डर आंद्रे इनेस्ता
इनेस्ता को 26 मई को आधिकारिक रूप से कोबे के खिलाड़ी के रूप में दर्शाया गया था।
टोक्यो, एएफपी। स्पेन के मिडफील्डर आंद्रे इनेस्ता बुधवार को जापान में अपनी नई टीम विसेल कोबे में शामिल हो गए। विश्व कप में हिस्सा लेने के बाद फुटबॉल के नए सत्र के लिए इनेस्ता कोबे टीम से जुड़े। इनेस्ता को 26 मई को आधिकारिक रूप से कोबे के खिलाड़ी के रूप में दर्शाया गया था।
उन्होंने इस माह की शुरुआत में जापान टीम से जुड़ने के फैसले की घोषणा की थी। स्पेन के इस खिलाड़ी का हवाईअड्डे पर प्रशंसकों ने स्वागत किया और क्लब की ओर से जारी फोटो में उन्हें प्रशंसकों को हस्ताक्षर देते हुए भी देखा जा रहा है।
जापान पहुंचने के बाद इनेस्ता ने कहा कि वह यहां आने का इंतजार कर रहे थे और जल्द से जल्द कोबे के लिए मैच खेलना चाहते हैं। हालांकि, उनके मैदान पर पदार्पण करने के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। कोबे के साथ इनेस्ता 20 जुलाई को पहली बार प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लेंगे।