पुर्तगाल और फ्रांस ने भी किया विश्व कप के लिए क्वालीफाई, अमेरिका-नीदरलैंड्स बाहर
नीदरलैंड्स के कप्तान अर्जेन रॉबेन ने टीम के विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया।
पेरिस, एएफपी। यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल और फ्रांस की टीम ने भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। ड्रॉ और हार की स्थिति में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम को प्लेऑफ खेलना पड़ता। पुर्तगाल ने जोहान डजोरोऊ (41वें) के आत्मघाती गोल और आंद्रे सिल्वा (57वें मिनट) के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड को 2-0 से पराजित किया। इससे पुर्तगाल ने ग्रुप 'बी' में शीर्ष पर रहते हुए क्वालीफाई किया।
फ्रांस ने बेलारूस को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से मात दी। फ्रांस के लिए ग्रिजमैन और ओलीवियर और ग्रिरौड ने एक-एक गोल किया।
32 साल में पहली बार बाहर हुआ अमेरिका
ओमार गोंजालेज का आत्मघाती गोल अमेरिका के लिए घातक साबित हुआ और 32 साल में टीम पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। यही कारण है कि ओमार को लगातार कोसा जा रहा है। पहले ही बाहर हो चुकी त्रिनिदाद एवं टोबैगो की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर अमेरिका के मंसूबों पर भी पानी फेर दिया। त्रिनिदाद एवं टोबैगो के लिए ओमार (17वें मिनट) के अलावा एल्विन जोंस (37वें मिनट) ने गोल किया। वहीं अमेरिका के लिए एकमात्र गोल क्रिस्टियन पुलिसिक (47वें मिनट) ने किया। 1986 के बाद यह पहला मौका होगा जब विश्व कप में अमेरिकी टीम नहीं खेलेगी। कोनकैफ क्षेत्र के अन्य क्वालीफायर के नतीजों के बाद अमेरिका के बाहर होने की पुष्टि हुई।
नीदरलैंड्स के कप्तान रॉबेन का संन्यास
नीदरलैंड्स के कप्तान अर्जेन रॉबेन ने टीम के विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया। डच टीम ने स्वीडन को 2-0 से पराजित किया, लेकिन यह उसके प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए नाकाफी था।
इसके लिए उसे 7-0 से जीत दर्ज करनी थी। स्वीडन के खिलाफ यह दोनों गोल रॉबेन (16वें और 40वें मिनट) ने किए। 33 वर्षीय रॉबेन ने नीदरलैंड्स के लिए 96 मैच खेले हैं और 37 गोल दागे हैं। रॉबेन ने कहा मुझे 2010 और 2014 का विश्व कप हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा, इन दोनों टूर्नामेंट में हमने एक संगठित टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया।
पहली बार खेलेगी पनामा की टीम
पनामा ने कोस्टा रिका को 2-1 से हराकर पहली बार विश्व कप में जगह बनाई। होंडुरस ने इसके बाद पहले ही क्वालीफाई कर चुके मेक्सिको को 3-2 से हराकर तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। होंडुरस अब फाइनल्स में जगह बनाने के लिए दो चरण में प्लेऑफ में अगले महीने ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।