नाइजीरिया और कोस्टा रिका ने कटाया विश्व कप 2018 का टिकट
पुर्तगाल भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के और नजदीक पहुंच गया है।
पेरिस, एएफपी। नाइजीरिया और कोस्टा रिका ने रूस में अगले साल होने वाले फुटबॉल महाकुंभ में अपना स्थान पक्का कर लिया है, जबकि फ्रांस ने ब्लेज मातुइदी के शुरू में किए गए गोल की बदौलत बुल्गारिया को 1-0 से हराकर विश्व कप में जगह बनाने की तरफ अपने मजबूत कदम बढ़ाए। फ्रांस इस जीत से ग्रुप 'ए' में शीर्ष पर पहुंच गया है। फ्रांस अब अगर बेलारूस के खिलाफ मंगलवार को होने वाले मैच में जीत दर्ज कर लेता है तो विश्व कप में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
नाइजीरिया अलेक्स इवोबी के गोल की मदद से उयो में खेले गए मैच में जांबिया को 1-0 से मात देकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली अफ्रीकी महाद्वीप से पहली टीम बनी। इससे ग्रुप 'बी' में उसका शीर्ष स्थान सुनिश्चित हो गया। हालांकि घाना युगांडा के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलने से क्वालीफाई करने की दौड़ से बाहर हो गया।
कोस्टा रिका ने होंडुरास से 1-1 से ड्रॉ खेलकर क्वालीफाई किया। कोस्टा रिका के अब 16 अंक हैं। वह उत्तर और मध्य अमेरिका और कैरेबियाई देशों (कॉनकाफ) से क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम है। मेक्सिको (21 अंक) पहले ही अपनी जगह बना चुका है। बैरीसो में नीदरलैंड्स ने बेलारूस को 3-1 से हराया, लेकिन इसके बावजूद उसकी राह मुश्किल बनी हुई है। नीदरलैंड्स को अब अगले सप्ताह स्वीडन को बड़े अंतर से हराना होगा।
रोनाल्डो के दम पर पुर्तगाल भी क्वालीफाई के करीब
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के गोल के दम पर पुर्तगाल ने एंडोरा को 2-0 से मात दी। इससे वह विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के और नजदीक पहुंच गया है। अब अगर वह मंगलवार को अपने घर में स्विट्जरलैंड को हरा देता है तो वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए क्वालीफाई कर लेगा।