यूएफा नेशंस लीग: रोनाल्डो के बिना मैदान पर उतरी पुर्तगाल ने पोलैंड को हराया
पोलैंड के शहर चोरजोव में खेले गए इस मुकाबले में पुर्तगाल के लिए आंद्रे सिल्वा (32वें मिनट) और बेनार्डो सिल्वा (52वें मिनट) ने गोल दागे
नई दिल्ली, जेएनएन। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बगैर खेलने उतरी पुर्तगाल की फुटबॉल टीम ने यूएफा नेशंस लीग में गुरुवार देर रात को अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरे पोलैंड के दिग्गज स्टार रोबर्टो लेवांदोवस्की के जश्न पर पानी फेर दिया। यूरोपीय चैंपियन पुर्तगाल ने पोलैंड को 3-2 से मात दी।
पोलैंड के शहर चोरजोव में खेले गए इस मुकाबले में पुर्तगाल के लिए आंद्रे सिल्वा (32वें मिनट) और बेनार्डो सिल्वा (52वें मिनट) ने गोल दागे, जबकि पोलैंड के कामिल ग्लिक (43वें मिनट) आत्मघाती गोल कर बैठे। कोच फर्नाडो सांतोस की पुर्तगाल की टीम ने नेशंस लीग के अपने खेले दोनों मुकाबले जीते हैं।
इससे पहले सितंबर में पुर्तगाल ने इटली को 1-0 से हराया था। खेल के 19वें मिनट में पोलैंड ने क्रिज्यस्टोफ पिटेक के गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त हासिल की, लेकिन इसके बाद उसे 20 मिनट के अंदर तीन गोल खाने पड़े। 77वें मिनट में जाकुब ब्लासजेवस्की ने पोलैंड के लिए दूसरा गोल करके अंतर कम किया, लेकिन लेवांदोवस्की को जीत का तोहफा देने के लिए वह गोल काफी नहीं था।
नेशंस लीग के अन्य मुकाबलों में रूस ने स्वीडन से गोलरहित (0-0) ड्रॉ खेला। वहीं, सर्बिया ने मोंटेनेग्रो को 2-0 से, इजराइल ने स्कॉटलैंड को 2-1 से और कोसोवो ने माल्टा को 3-1 से हराया।