मिस्र के स्टार फुटबॉलर सलाह को चेचन्या की मानद नागरिकता
मिस्र के खिलाड़ियों की मेजबानी के दौरान उन्होंने मिस्र की टीम के स्टार खिलाड़ी सलाह को यह तोहफा प्रदान किया।
मॉस्को, पीटीआई। मिस्र की टीम फीफा वर्ल्डकप से बाहर हो गई है, टीम के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह को चेचन्या की मानद नागरिकता प्रदान की गई है। उन्हें नागरिकता देने के बाद चेचन्या के नेता रमजान कादिरोव ने लिखा है कि, उन्होंने यह नागरिकता लीवरपूल के स्टार फुटबालर सलाह को दी है। कादिरोव ने मिस्र की टीम को अपने यहां डिनर के लिए बुलाया था। मिस्र के खिलाड़ियों की मेजबानी के दौरान उन्होंने मिस्र की टीम के स्टार खिलाड़ी सलाह को यह तोहफा प्रदान किया।
मिस्र की टीम फीफा विश्व कप की शुरुआत से पहले चेचेन्या की राजधानी ग्रोज्नी में अभ्यास किया करती थी। शुक्रवार की देर रात रमजान कादिरोव ने लिखा, 'मोहम्मद सलाह अब चेचन्या के मानद नागरिक हैं। उन्होंने मिस्र और लीवरपूल की ओर से खेलने वाले दिग्गज फुटबॉलर मोहम्मद सलाह को यह सम्मान देने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।‘
आपको बता दें कि कादिरोव को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का समर्थन हासिल है। चेचन्या पर राज करने के दौरान उनके नेता रमजान कादिरोव को लगातार मानवाधिकार समूहों की आलोचना झेलनी पड़ी थी।