EPL में सिटी की लगातार सातवीं जीत, वाटफोर्ड को 2-1 से दी मात
रेडामेल फाल्काओ द्वारा पेनाल्टी किक के जरिये किए गए दो गोल की मदद से फ्रेंच लीग-1 में थिएरे हेनरी की टीम मोनाको ने एमिंस को 2-0 से हरा दिया।
लंदन, एएफपी। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में मौजूदा चैंपियन मैनचेस्टर सिटी ने वाटफोर्ड को 2-1 से हराकर अंक तालिका में पांच अंकों की बढ़त के साथ अपने शीर्ष स्थान को बरकरार रखा है। यह सिटी की ईपीएल में लगातार सातवीं जीत है। अंक तालिका में सिटी 15 मुकाबलों के बाद 41 अंक लेकर शीर्ष पर है।
इस मुकाबले में सिटी ने दोनों हाफ में गोल किए। पहले हाफ में उसके स्टार फुटबॉलर लेरॉय साने ने स्कोर किया जबकि दूसरे हाफ में रियाद महारेज ने गोल करके सिटी की जीत में अहम भूमिका निभाई। वाटफोर्ड के लिए निर्धारित समय से पांच मिनट पहले अब्दुलाये डॉकोरे ने इकलौता गोल किया।
सिटी के मैनेजर पेप गॉर्डियोला ने केविन डि ब्रून और सर्जियो अग्यूरो जैसे स्टार खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद अपनी शुरुआती लाइन-अप में छह बदलाव किए लेकिन इसके बावजूद मेजबान वाटफोर्ड के लिए उनकी टीम बेहद मजबूत साबित हुई। हालांकि वाटफोर्ड को अपने गोलकीपर बेन फोस्टर का धन्यवाद करना चाहिए जिन्होंने कई अच्छे बचाव करके अपनी टीम को एक बड़ी हार से बचा लिया। विकारेज रोड स्टेडियम में इससे पहले यहां सिटी ने वाटफोर्ड को पिछले दो मुकाबलों में 5-0 और 6-0 से हराया था।
ईपीएल के अन्य मुकाबलों में बॉर्नेमाउथ की टीम हडर्सफील्ड को 2-1 से हराकर छठे स्थान पर पहुंच गई। उधर एक घंटे से भी ज्यादा समय तक 10 खिलाड़ियों से खेलने वाली ब्रिजटन की टीम ने क्रिस्टल पैलेस को 3-1 से शिकस्त दी। ब्रिजटन ने अपने तीनों गोल पहले हाफ में दागे। उधर लुकास पेरेज के दो गोल की मदद से वेस्टहम ने कार्डिफ सिटी को 3-1 से मात दी। इस मुकाबले में वेस्टहम ने दूसरे हाफ में तीनों गोल दागे।
फाल्काओ के दम पर जीता मोनाको
रेडामेल फाल्काओ द्वारा पेनाल्टी किक के जरिये किए गए दो गोल की मदद से फ्रेंच लीग-1 में थिएरे हेनरी की टीम मोनाको ने एमिंस को 2-0 से हरा दिया। कोलंबिया के स्टार खिलाड़ी फाल्काओ इस साल दो बार पेनाल्टी पर गोल करने से चूक गए थे लेकिन इस मुकाबले में पहले उन्होंने 43वें मिनट में और फिर इंजुरी टाइम में पेनाल्टी पर गोल करके मोनाको को जीत दिलाई। एमिंस के डिफेंडर बैकाये डिबासी को 90वें मिनट में रेड कार्ड दिखाकर बाहर किया गया।