फीफा विश्व कप2018 : जापान का सामना सेनेगल से
जापान का अगला मुकाबला सेनेगल से होगा।
एक्तारेनबर्ग, एएफपी। फीफा विश्व कप में रविवार को ग्रुप एच में सेनेगल की टीम जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो उसकी निगाहें एक ब्रिटिश बिजनेस टाइकून द्वारा किए एक नस्लवादी टिप्पणी का जवाब देने पर होगी। लिवरपूल के स्ट्राइकर सादियो माने की अगुआई में सेनेगल की टीम रूस विश्व कप में हिस्सा ले रही है। ग्रुप-एच में पोलैंड पर 2-1 की जीत के लिए जूझने के बाद अलीउ सीस की सेनेगल टीम जापान पर जीत के साथ अंतिम-16 की ओर एक बड़ा कदम उठा सकती है।
एक ब्रिटिश व्यवसायी एलन शुगर ने सेनेगल की टीम की एक तस्वीर को ट्वीट किया, जिससे तूफान मच गया। उन्होंने सेनेगल टीम की फोटो के साथ लिखा कि इन लोगों में से कुछ को मैंने मारबेला के समुद्र तट पर मैने देखा है। इसके अलावा एलन ने बिकने वाले धूप के चश्मे और हैंडबैग की तस्वीरें भी पोस्ट की थी। इस घटना से सेनेगल की टीम प्रेरणा लेकर मैदान में उतर सकती है।
पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी और अब सेनेगल के राष्ट्रपति मैकी सल के सलाहकार नडोंगो नाडियाय ने कहा कि हर कोई इस ट्वीट के बारे में बात कर रहा है, इसने सेनेगल में भी सुर्खियां बनाई है।
सेनेगल को माने से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी जो कि इस टीम के सबसे खतरनाक खिलाड़ी माने जाते हैं लेकिन टीम के पास दूसरे भी कई अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं। सेनेगल के कोच सीस अपनी टीम को 2002 वाले प्रदर्शन का दोहराव करते देखना चाहते हैं जब उनकी टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से हम अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन मैं यह भी गारंटी दे सकता हूं कि पूरा अफ्रीका हमारा समर्थन कर रहा है।
उधर, जापान की टीम भी काफी संतुलित और मजबूत नजर आ रही है जिसने अपने पहले मुकाबले में कोलंबिया को 2-1 से हराया था। यानी एक और जीत उसे भी नॉकआउट में पहुंचा सकती है। विश्व कप से पहले जापान ने वाहिद हैलिहोदजिक को बर्खास्त करके कोच के रूप में जापान ने अकिरा निशिनो को कार्यभार सौंपा था। अकिरा के पास बड़ी चुनौती थी लेकिन उनकी टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में कोलंबिया को हराकर चौंका दिया और किसी दक्षिण अमेरिकी टीम को हराने वाली पहली एशियाई टीम बनी। जापान के अटैकिंग मिडफील्डर केसुक होंडा ने शुक्रवार को कहा कि वे सेनेगल को हल्के में नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मुकाबला कठिन होगा, सेनेगल के पास महान खिलाड़ी हैं। वे शारीरिक रूस से तेज और भीड़ के सामने खेलने की काबिलियत रखते हैं।
नंबर गेम :
- 2018 फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रही सेनेगल की टीम मौजूदा आयोजन में जीत दर्ज करने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनी। उसने अपने पहले मुकाबले में पोलैंड को 2-1 से हराया।
- 2002 विश्व कप में सेनेगल ने फ्रांस को हराया था। उसी विश्व कप में सेनेगल ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
- 1998 में पहली बार जापान ने विश्व कप में हिस्सा लिया था। रूस विश्व कप के साथ वह अब तक छह विश्व कप का हिस्सा बन चुकी है।
फीफा विश्व रैंकिंग
सेनेगल - 27
जापान - 61
आमने-सामने
कुल मैच -03
जापान जीता - 00
सेनेगल जीता - 02
ड्रॉ - 01