विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत ने विश्व कप में खेलने वाली पनामा को बराबरी पर रोका, मैत्री मैच में भारत के लिए रयान विलियम्स ने दागा गोल

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:17 PM (IST)

भारतीय फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर काबिज पनामा को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।

भारतीय फुटबॉल टीम

भारतीय फुटबॉल टीम

पीटीआई, बेंगलुरु। भारतीय फुटबॉल टीम ने शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर काबिज पनामा को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। भारत के लिए रयान विलियम्स ने 41वें मिनट में गोल किया, लेकिन पनामा के ओमार वालेंसिया ने 68वें मिनट में बराबरी कर दी।

विश्व कप में कुछ महीने पहले ही खेलने वाली पनामा की टीम में उस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले कई खिलाड़ी शामिल थे। ऐसे में कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन में यह परिणाम भारत के लिए खासा उत्साह बढ़ाने वाला रहा। भारत फीफा रैंकिंग में 138वें स्थान पर है।

विलियम्स ने बाएं छोर से आए एक शानदार मूव को गोल में बदला। आकाश मिश्रा के थ्रो-इन के बाद बिजाय वर्गीस ने गेंद आगे बढ़ाई और विलियम्स ने पनामा के डिफेंस को चीरते हुए सटीक शॉट लगाया।

दूसरे हाफ में वालेंसिया ने शानदार डिपिंग शाट से पनामा को बराबरी दिलाई। हालांकि जमील ने भारतीय खिलाड़ियों को पूरी तरह रक्षात्मक होने से रोका। अनवर अली ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने विश्व कप खेल चुके कार्लोस हार्वे के शाट को बचाया।

भारत के पास जीत का मौका भी आया, लेकिन एडमंड और मनवीर सिंह मौकों को भुना नहीं सके। यह ड्रा भारत का मनोबल बढ़ाएगा, क्योंकि टीम तीन अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील और छह अक्टूबर को दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे से खेलेगी।