भारत की स्थिति पर नजर रख रहा है फीफा, कोरोना से हालात सुधरे तो होगा विश्व कप
नवंबर में भारत में FIFA U17 Women World Cup 2020 होना है लेकिन इसके लिए कोरोना वायरस से जंग जीतनी होगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। विश्व फुटबॉल की संचालन करने वाली संस्था फीफा (FIFA) ने बुधवार को कहा कि वह नवंबर में भारत में होने वाले महिला अंडर-17 विश्व कप को ध्यान में रखकर देश में कोरोना वायरस की स्थिति पर नजर रखे हुए है। चीन के वुहान शहर से निकले इस वायरस से दर्जनों खेल टूर्नामेंट स्थगित और रद कर दिए हैं। यहां तक कि टोक्यो में होने वाला ओलंपिक भी कोरोना वायरस की वजह से एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
फीफा लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडर-17 महिला विश्व कप पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की पहचान करने के लिए स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) के साथ काम कर रहा है। टूर्नामेंट से पहले भारत में जिन प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना बनाई गई है, उनको लेकर वैकल्पिक समाधान भी तलाश रहा है। हालांकि, कहीं भी जल्दी में आयोजन कराना संभव नहीं है, क्योंकि ज्यादातर देश कोरोना वायरस की चपेट में हैं।
पूर्व कार्यक्रम के अनुसार, अंडर-17 महिला विश्व कप 2 से 21 नवंबर के बीच होना है। इसके मैच नवी मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, भुवनेश्वर और गुवाहाटी में खेले जाएंगे। अगर भारत में कोरोना वायरस से हालात सही हो जाएंगे तो फीफा यहां महिला अंडर 17 विश्व कप करा सकता है। मौजूदा समय की बात करें तो भारत में 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन किया हुआ है, क्योंकि भारत हाई रिस्क पर आ गया था, जिससे निपटने के लिए सरकार ने कड़ कदम उठाया।
भारत की बात करें तो गुरुवार 26 मार्च की सुबह तक देश में 553 मामले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक सामने आ चुके हैं, जबकि भारत में अब तक 10 लोगों की जान कोरोना वायरस से निगल ली है। WHO के अनुसार, भारत हाई रिस्क पर था। इसलिए देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिन तक लॉकडाउन करने का फैसला किया हुआ है, जो 24 मार्च की रात 12 बजे से लागू है।