ला लीगा के प्रशंसक स्टार खिलाड़ियों और उनके बच्चों के नामों को इस तरह बना रहे अपना
दिग्गज फुटबॉलर जिनेदिन जिदान के नाम के 42 वयस्क स्पेन में रहते हैं जिनमें से करीब सभी 2001 में जिदान के रीयल से जुड़ने के बाद पैदा हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्पेनिश लीग ला लीगा के प्रशंसकों की दीवानगी इस कदर हावी है कि वे अपने बच्चों के नाम रखने में भी अपने चहेते सितारों का अनुसरण करते हैं। स्पेन और कुछ अन्य जगहों के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ला लीगा के सितारों द्वारा उनके बच्चों के लिए चुने गए नाम अक्सर आम जनता के बीच लोकप्रिय हो जाते हैं।
स्पेन की राष्ट्रीय सांख्यिकी एजेंसी के मुताबिक, जब बार्सिलोना के स्टार लियोन मेसी और उनकी पत्नी एंटोनेला रोकुजो के पहले बेटे थिएगो का जन्म नवंबर 2012 में हुआ था तब उस वर्ष स्पेन में बच्चों को दिए गए शीर्ष 100 बच्चों के नामों में थिएगो का नाम नहीं आया था। हालांकि, इसके बाद 2013 की सूची में थिएगो नाम 81वें, 2014 में 74वें और 2015 में 65वें नंबर पर रहा।
वहीं, 2016 तक थिएगो स्पेन के नवजात बच्चों को दिया गया 46वां सबसे लोकप्रिय नाम था। कुछ ऐसा ही उनके दूसरे बेटे मातेओ मेसी के साथ 2015 में देखने को मिला। 11930 से 2000 के बीच किसी भी दशक में स्पेन के शीर्ष 50 सबसे लोकप्रिय बच्चों के नामों में लियो (मेसी का संक्षिप्त नाम) नाम शामिल नहीं था, लेकिन 2010 और 2015 के बीच यह 29वां सबसे लोकप्रिय नाम था। 2016 में यह नंबर 14 तक पहुंच गया।
हालांकि, बार्सिलोना के डिफेंडर जेरार्ड पिक और उनकी पत्नी शकीरा के बच्चे मिलान और साशा के नाम सबसे लोकप्रिय बच्चों की सूची में नहीं आ पाए। वर्तमान में स्पेन में रहने वाले क्रिस्टियानो नाम के 351 पुरुष हैं। दिलचस्प मामला रीयल मैड्रिड के पूर्व गोलकीपर आइकर कैसिलस का है, जिनकी पत्नी सारा काबरेनेरो से उन्हें मार्टिन के रूप में पहला बेटा 2014 में पैदा हुआ था। यह नाम 2016 तक 20वें से आठवें नंबर पर पहुंचा और फिर तीसरे स्थान पर आ गया। यह संख्या आइकर के लिए भी हैरान करने वाली थी। 2012 में रीयल के ला लीगा खिताब जीतने के बाद मार्टिन का नाम देश में 15वां सबसे लोकप्रिय नाम था।
दिग्गज फुटबॉलर जिनेदिन जिदान के नाम के 42 वयस्क स्पेन में रहते हैं जिनमें से करीब सभी 2001 में जिदान के रीयल से जुड़ने के बाद पैदा हुए हैं।