इंग्लैंड ने अपने पूर्व कप्तान वेन रूनी को दी विजयी विदाई, USA को दी मात
रूनी ने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 120वां और आखिरी मैच खेला। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड रूनी के नाम है। वह 53 गोल कर चुके हैं।
लंदन, एएफपी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम ने अपने पूर्व कप्तान वेन रूनी को अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मैच में अमेरिका को 3-0 से हराकर विजयी विदाई दी। रूनी ने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 120वां और आखिरी मैच खेला। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड रूनी के नाम है। वह 53 गोल कर चुके हैं।
रूनी पहले ही राष्ट्रीय टीम से संन्यास ले चुके थे। इंग्लैंड के फुटबॉल संघ ने अपने दिग्गज खिलाड़ी के सम्मान में यह विदाई मैच रखा था। इस मैच से होने वाली कमाई उन गरीब बच्चों की मदद में इस्तेमाल होगी, जिनकी जिम्मेदारी वेन रूनी फाउंडेशन संभाल रही है। इस मैच को ‘द वेन रूनी फाउंडेशन’ का नाम दिया गया था।
58वें मिनट में इंग्लैंड के कोच गेरेथ साउथगेट ने जेसी लिंगार्ड की जगह उन्हें मैदान पर भेजा और साथ ही वह टीम की कप्तानी का जिम्मा भी संभाल रहे थे। इस पूर्व कप्तान को मैच शुरू होने से पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और इस दौरान टीम के नियमित कप्तान हैरी केन ने उन्हें सुनहरे तीन शेर वाला एक बैज देकर उन्हें सम्मानित किया। रूनी अपने बेटों के साथ यहां पहुंचे थे। स्थानापन्न खिलाड़ी केन को कोच ने मैदान पर नहीं उतारा।
इंग्लैंड के लिए पहला गोल लिंगार्ड ने 26वें मिनट में किया। इसके एक मिनट बाद ट्रेंट एलेक्जेंडर आनरेल्ड ने कार्नर से गोल किया। पदार्पण कर रहे कैलम विल्सन ने 77वें मिनट में गोल कर इंग्लैंड की जीत का अंतर 3-0 कर दिया। मैच के बाद रूनी ने कहा, ‘साउथगेट ने मुझे टीम में जगह दी। यह बड़ा सम्मान है। प्रशंसकों के सामने फिर इंग्लैंड की टी-शर्ट में खेलना शानदार रहा। मुझे लगता है कि इंग्लैंड का भविष्य बहुत सुरक्षित हाथों में है।’
अन्य महत्वपूर्ण मैच में जर्मनी ने लेरॉय सेन, निकलॉस सुएले और सर्ज नैबरी के गोलों की बदौलत रूस को 3-0 से हराया।
क्रोएशिया ने स्पेन को चौंकाया
टिन जेडवेज के दो गोलों की मदद से क्रोएशिया ने नेशंस लीग में स्पेन को 3-2 से हरा दिया। क्रोएशिया ने स्पेन से अपनी पिछली हार का भी बदला ले लिया। स्पेन ने इसी टूर्नामेंट में सितंबर में क्रोएशिया को 6-0 से शिकस्त दी थी। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद इंजुरी टाइम (93वें मिनट) में जेडवेज ने गोल कर क्रोएशिया को जीत दिलाई।