दिग्गज फुटबॉलर रूनी ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, लेकिन मिल गया मैनेजर का पद
Wayne Rooney Retirement News इंग्लैंड और मैनचेस्टर यूनाइटेड क्लब के दिग्गज फुटबॉलर वेन रूनी ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसी के साथ उनको एक सेकेंड टीयर की टीम के मैनेजर पद की कमान मिल गई है।
लंदन, एपी। मैनचेस्टर युनाइटेड और इंग्लैंड के दिग्गज फुटबॉलर वेन रूनी ने फुटबॉल से संन्यास ले लिया और अब वह सेकेंड टीयर टीम-डर्बी काउंटी के मैनेजर बन गए। क्लब ने इसकी जानकारी दी। 35 साल के रूनी नवंबर से ही क्लब के अंतरिम मैनेजर थे, लेकिन अब क्लब ने उनके साथ ढाई साल का पूर्णकालिक अनुबंध किया। क्लब के इस फैसले के बाद रूनी ने बतौर खिलाड़ी संन्यास ले लिया।
18 साल की उम्र में रूनी एवर्टन से मैनचेस्टर युनाइटेड चले आए थे और फिर क्लब के लीजेंड बनने के बाद एवर्टन वापस लौटे। इंग्लिश प्रीमियर लीग में रूनी ने युनाइटेड के लिए 183 गोल दागे थे और एक क्लब के लिए प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी भी बने। वर्तमान समय में सर्जियो अगुएरो ने मैनचेस्टर सिटी के लिए 180 गोल दाग दिए हैं और रूनी के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब हैं।
लगभग 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में रूनी ने इंग्लैंड के लिए 120 मैचों में 53 गोल दागे और सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले इंग्लिश फुटबॉलर हैं। वर्तमान खिलाडि़यों में 27 वर्षीय हैरी केन 32 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने युनाइटेड के साथ पांच प्रीमियर लीग, एक एफए कप, तीन ईएफएल कप, चार एफए कम्युनिटी शील्ड, एक चैंपियंस लीग, एक यूरोपा लीग और एक फीफा क्लब विश्व कप जीता है। युनाइटेड के लिए कप्तान रहे रूनी टीम के लिए सबसे अधिक 253 गोल दागने वाले फुटबॉलर भी हैं।
वेन रूनी ने अपने बयान में कहा है, "डर्बी क्लब में शामिल लोगों और अपने प्रशंसकों को मैं वादा कर सकता हूं कि मैं और मेरा स्टाफ उन चीजों को हासिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे जिसकी झलक मैंने पिछले 12 महीनों में इस क्लब के लिए देखी है।"
रूनी का करियर
वर्ष, टीम, मैच, गोल
2002-2004, एवर्टन, 77, 17
2004-2017, मैनचेस्टर युनाइटेड, 559, 253
2017-2018, एवर्टन, 40, 11
2018-2020, डीसी युनाइटेड, 52, 25
2020-2021, डर्बी काउंटी, 35, 07