Fact Check: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से इस सर्वे का कोई संबंध नहीं वायरल दावा गलत
Fact Check विश्वास न्यूज की पड़ताल में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़ते हुए टाइम्स नाउ के सर्वे को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और साल 2017 की है। जिसे अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा तमिलनाडु से शुरू होने के बाद केरल होते हुए अब कर्नाटक पहुंच गई है। जैसे-जैसे यह यात्रा आगे बढ़ रही है, वैसे–वैसे ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और फेक पोस्ट भी बढ़ रही हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर इस यात्रा से जोड़कर Times Now का एक सर्वे तेजी से वायरल हो रहा है। सर्वे को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा शुरू के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ गई है। लोकप्रियता के मामले में वो प्रधानमंत्री मोदी से भी आगे निकल गए हैं।
दैनिक जागरण की फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और साल 2017 की है। जिसे अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। सर्वे का ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से कोई संबंध नहीं हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
ट्विटर यूजर Mohammad Waseem ने वायरल स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हवा का रुख बदल रहा है…..टाइम्स नाउ के सर्वे में राहुल गांधी पहली पसंद।” #BharatJodoYatra
वायरल स्क्रीनशॉट की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें असली सर्वे की तस्वीर टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 19 दिसंबर 2017 को प्रकाशित किया गया है।
रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, सर्वे साल 2017 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बारे में हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि गुजरात में राहुल गांधी के दौरे के बाद सोशल मीडिया पर उनके बारे में काफी चर्चा हो रही है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने संबंधित कीवर्ड्स से गूगल पर सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें सर्वे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट टाइम्स नाउ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 18 दिसंबर 2017 को शेयर किया गया था।
वीडियो में 26 सेकेंड पर असली सर्वे के दृश्य को देखा जा सकता है। असली सर्वे में राहुल गांधी, प्रधानमंत्री मोदी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, हार्दिक पटेल और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी की तस्वीर है। जिसे एडिट कर ममता बनर्जी,अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल की तस्वीर से बदल दिया गया है। वहीं, आंकड़ों में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें- Fact Check: Times Now के सर्वे की एडिटेड तस्वीर को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़कर किया जा रहा वायरल